
देहरादून, 16 मार्च। कामर्शियल सिलेंडरों की कीमतों और सप्लाई को लेकर ताजा स्थिति काफी हलचल करने वाली है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई चेन में बाधाओं के कारण कीमतों में बढ़ोतरी देखी गयी अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा व पर्यटन व्यवसाय को देखते हुए प्रदेश सरकार ने व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की सप्लाई के लिए एसओपी जारी कर दी है। तेल व गैस आपूर्ति कंपनियां आईओसीएल, बीपीसीएल व एचपीसीएल प्रदेश में रोजोना 2650 व्यावसायिक एलपीजी गैस के सिलिंडरों की आपूर्ति करेंगे। इसकी सूचना जिलाधिकारी को देंगे।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव आनंद स्वरूप की ओर से जारी एसओपी के अनुसार व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति न होने से प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हो सकता है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने निर्देश पर राज्य में अस्पतालों, शैक्षिण संस्थानों की मांग के अलावा पर्यटन व्यवसाय के लिए दैनिक आवश्यकता के 20 प्रतिशत व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी। फार्मास्युटिकल, होटल व रिजॉर्ट, रेस्टोरेंट एवं ढाबा, सरकारी एवं सरकारी नियंत्रण के गेस्ट हाउस, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण, औद्योगिक कैंटीन, पेइंग गेस्ट सुविधा वाले छात्रावास, होम स्टे, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिष्ठानों को प्रतिदिन 2650 सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी।
सरकार ने एसओपी में जिलावार आवंटन निर्धारित किया है। इसमें देहरादून जिले में 31 प्रतिशत, टिहरी में चार प्रतिशत, हरिद्वार में 13 प्रतिशत, पौड़ी में चार प्रतिशत, रुदप्रयाग में पांच प्रतिशत, उत्तरकाशी में चार प्रतिशत, चमोली में छह प्रतिशत, नैनीताल में 13 प्रतिशत, बागेश्वर में दो प्रतिशत, अल्मोड़ा में चार प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर में नौ प्रतिशत, पिथौरागढ़ में तीन प्रतिशत व चंपावत में दो प्रतिशत व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा।
विभिन्न क्षेत्रों के लिए गैस सिलेंडरों का आवंटन
एसओपी के अनुसार राज्य में प्रतिदिन कुल 2650 व्यावसायिक एलपीजी सिलिडरों की आवश्यकता निर्धारित की गई है। इस आवश्यकता के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों को प्रतिशत के अनुसार आवंटन किया गया है।
फार्मास्यूटिकल (लाइफ सेविंग ड्रग्स) उद्योग – 190 सिलिंडर
होटल एवं रिसार्ट—— 750 सिलिंडर
रेस्टोरेंट एवं ढाबा —– 1000 सिलिंडर
सरकारी एवं गैर-सरकारी गेस्ट हाउस –150 सिलिंडर
डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां —130 सिलिंडर
औद्योगिक कैंटीन ———- 150 सिलिंडर
पेयजल और भोजन सुविधा वाले छात्रावास — 150 सिलिंडर
होम स्टे तथा स्वयं सहायता समूहों के प्रतिष्ठान –130 सिलिंडर
जिलों के लिए भी वितरण कोटा तय
सरकार ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण जिलों के गैस कनेक्शनों की संख्या के आधार पर तय किया है। आदेश के अनुसार जिलों को जरूरत के सापेक्ष निम्न प्रतिशत में गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
देहरादून – 31%, टिहरी -4%, हरिद्वार – 13%, पौड़ी – 4%, रुद्रप्रयाग – 5%, उत्तरकाशी – 4%, चमोली – 6%, नैनीताल – 13%, बागेश्वर – 2%, अल्मोड़ा – 4%, उधमसिंह नगर- 9%, पिथौरागढ़ -3%, चंपावत -2%
तेल और गैस कंपनियां करेंगी आपूर्ति
एसओपी के अनुसार राज्य की तीनों तेल एवं गैस विपणन कंपनियां इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अपनी वर्तमान बाजार हिस्सेदारी के अनुरूप गैस की आपूर्ति करेंगी।



