
पिथौरागढ़, 1 अप्रैल। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के नजदीकी गणकोट के सुकोली गांव के 27 वर्षीय सैनिक विकास कुमार सिक्किम में शहीद हो गए। वह गश्त के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इस घटना में उसके दो साथी सुरक्षित बच गए। इस घटना से पूरे जिले में शोक है तो परिजनों में कोहराम है। वे 2017 में सेना में भर्ती हुुए थे।
जानकारी के मुताबिक, सुकोली निवासी 19 कुमाऊं रेजीमेंट में लांस नायक विकास कुमार सिक्किम में भारत-चीन सीमा पर तैनात थे। बीते 29 मार्च को वह अपने दो साथियों के साथ सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान भीषण हिमस्खलन हुआ और तीनों जवान इसकी चपेट में आ गये, जिसमें विकास कुमार शहीद हो गए। रेस्क्यू आपरेशन में उनके दो साथी सुरक्षित बचा लिये गए।
शहीद सैनिक अपने पीछे पत्नी प्रीति, 8 माह के बेटे, पिता गणेश राम, माता मंजू देवी, बड़े भाई को छोड़ गए हैं। माता मंजू देवी भोजन माता के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहीद का पार्थिव शरीर जम्मू कश्मीर से दिल्ली तक विमान से लाया जा रहा है। वहां से पार्थिव शरीर एबुलेंस से उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। जवान के शहीद होने की जानकारी मिलने के बाद जिले में शोक की लहर है। वहीं परिजनों में कोहराम है। जवान का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार तक पिथौरागढ़ पहुंचने की उम्मीद है।
इधर, नगर के लोगों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र बोहरा की अगुवाई में जिलाधिकारी से मुलाकात की और शहीद विकास का शव एयर एम्बुलेंस से पिथौरागढ़ लाये जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।



