
कोटद्वार, 17 मई। जनपद के थलीसैंण थाना क्षेत्र स्थित रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (40) पर रौली गांव में आपसी विवाद के चलते एक ग्रामीण को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटना में 45 प्रतिशत झुलस गया वीरेंद्र
घटना में ग्रामीण करीब 45 प्रतिशत झुलस गया, जिसका जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (40) शनिवार शाम अपने घर के ऊपरी कमरे में कुछ लोगों के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी आनंद सिंह वहां पहुंचा और कथित तौर पर वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने पानी और सूखी घास की मदद से किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद घायल को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। हालात ज्यादा खराब होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष थलीसैंण रविंद्र नेगी ने बताया कि घटनास्थल से आरोपी की जली हुई कमीज और चप्पल बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर आरोपी आनंद सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बताया कि मामला आपसी विवाद से जुड़ा है। पीड़ित वीरेंद्र सिंह खतरे से बाहर है, हालांकि वह 45 फीसदी झुलस गया है। फरार आरोपी का हाथ भी झुलसा बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।



