खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

IPL 26 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी RCB, पंजाब किंग्स की लगातार छठवीं हार

Listen to this article

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-61 में रविवार (17 मई) को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुआ. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 223 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो 8 विकेट पर 199 रन ही बना पाई. इस जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ में पहुंच गई.

मौजृदा आईपीएल सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रदर्शन में निरंतरता देखने को मिली है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 13 मुकाबलों में से 9 में जीत हासिल की है और उसके 18 अंक हैं. दूसरी ओर पंजाब किंग्स ने 13 मैच खेले हैं और 6 में जीत दर्ज की है. पंजाब किंग्स के 13 पॉइंट्स हैं. पंजाब किंग्स लगातार छह मैच हार चुकी है और उसका प्लेऑफ में पहुंचना अब बेहद मुश्किल है.

रनचेज में पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 19 रनों के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए. सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (0 रन) और प्रभसिमरन सिंह (2 रन) को भुवनेश्वर कुमार ने चलता किया. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर (1 रन) को रसिक सलाम डार ने पवेलियन भेजा. कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभाला. रोमारियो शेफर्ड ने कोनोली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. कोनोली ने तीन छक्के और तीन चौके की मदद से 22 गेंदों पर 37 रनों का योगदान दिया.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐसी रही बैटिंग
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चार विकेट पर 222 रन बनाए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. जैकब बेथेल 11 रनों के निजी स्कोर पर हरप्रीत बराड़ का शिकार बने. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 76 रन जोड़े. देवदत्त ने 25 बॉल पर 45 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. देवदत्त का विकेट भी बराड़ ने लिया. देवदत्त के आउट होने के समय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्कोर 97/2 था.

कोहली ने आईपीएल करियर का जड़ा 67वां अर्धशतक
विराट कोहली ने शानदार बैटिंग की और अपने आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक जड़ा. कोहली ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. कोहली को स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी में फंसाया. यहां से वेंकटेश अय्यर और टिम डेविड ने चौथे विकेट के लिए 65 रनों की पार्टनरशिप कर आरसीबी को बिग स्कोर तक पहुंचाया.

पंजाब के लिए अय्यर ने खेली 73 रन की पारी
वेंकटेश अय्यर ने 8 चौके और 4 छक्के की मदद से 40 बॉल पर नाबाद 73 रनों की पारी खेली. वहीं डेविड ने 2 छक्के और दो चौके की मदद से 12 बॉल पर 28 रनों का योगदान दिया. डेविड पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए. पंजाब किंग्स के लिए हरप्रीत बराड़ ने दो विकेट झटके. जबकि अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला.

इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 38 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान पंजाब किंग्स ने 18 मुकाबलों में जीत हासिल की. जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 20 मैचों में जीत नसीब हुई. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच फाइनल समेत 4 मुकाबले खेले गए थे, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तीन मैच जीते.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button