खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

T20 में कप्तानी का ‘श्रेय’ मिला श्रेयस अय्यर को, तिलक वर्मा संभालेंगे उपकप्तान की जिम्मेदारी

Listen to this article

नई दिल्ली, 4 जून। भारतीय टी20 क्रिकेट टीम में एक बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। BCCI के सूत्रों के अनुसार, सीनियर मेंस टी20 इंटरनेशनल टीम में सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया जाना तय है। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उप-कप्तान के रूप में नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के बीच श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाने पर पूरी सहमति बन चुकी है।

6 जून की बैठक में शामिल हो सकते हैं अय्यर
गुरुवार को हुई बीसीसीआई एपेक्स काउंसिल की बैठक के एजेंडे में टी20 कप्तानी के मुद्दे पर कोई आधिकारिक चर्चा नहीं हुई थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक बोर्ड के शीर्ष अधिकारी अय्यर को कमान सौंपने और तिलक को उनका डिप्टी बनाने पर राजी हैं। संभावना जताई जा रही है कि श्रेयस अय्यर 6 जून, शनिवार को होने वाली चयन समिति की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं, जहां आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान किया जाएगा।

सूर्यकुमार यादव को हालिया फार्म देखकर गंवानी पड़ी कप्तानी?
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा और इस ट्रॉफी को डिफेंड करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। लेकिन बतौर बल्लेबाज सूर्या का हालिया फॉर्म उनके खिलाफ गया है। टी20 वर्ल्ड कप के 9 मैचों में सूर्या के बल्ले से केवल 242 रन ही निकले, जो उनकी क्षमता के अनुरूप काफी साधारण था। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए वे 13 पारियों में महज 270 रन ही बना सके। उनके इस खराब फॉर्म का असर टीम पर भी पड़ा और मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही।

दमदार फॉर्म के साथ श्रेयस अय्यर की वापसी
श्रेयस अय्यर ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वे टीम संयोजन के कारण बाहर चल रहे थे, लेकिन आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने दमदार वापसी की है। अय्यर ने इस सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 498 रन कूटे, जिसके दम पर अब वे सीधे कप्तानी के तौर पर टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button