
लक्सर, 4 जून। लक्सर सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में 14 वर्षीय अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 12 वर्षीय आयुष (वंश) गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया और ग्रामीण चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहार पुलिस घटना की जांच कर रही है. हादसे के बाद मृतक किशोर के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
पतंजलि के कर्मचारियों को छोड़कर लौट रही थी बस
जानकारी के अनुसार पतंजलि से कर्मचारियों को घर छोड़ने जा रही एक बस ने सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड पर स्कूटी सवार दो बच्चों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल (14 वर्ष) पुत्र समय सिंह निवासी पचेवाली, सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष (वंश) (12 वर्ष) पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया.
आरोपी चालक फरार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
हादसे के ठीक बाद आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी। ग्रामीणों में बेलगाम और तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंशुल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल आयुष को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और नशे की हालत में था. हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी. एक बस की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच की जा रही है. फरार चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.



