श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में चमके उत्तराखंड के दो युवा, हल्द्वानी के लक्ष्य और चंपावत के प्रियांशु का चयन

देहरादून, 12 जून। उत्तराखंड क्रिकेट के लिए गुरुवार का दिन बेहद खास रहा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर चयन समिति द्वारा श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम की घोषणा की गई. टीम में उत्तराखंड के दो युवा खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है. हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय अंडर-19 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है. चंपावत निवासी और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के छात्र प्रियांशु फर्तियाल को मल्टी-डे टीम में शामिल किया गया है.
उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों का भारतीय जूनियर टीम में चयन
बीसीसीआई की ओर से जारी टीम सूची के अनुसार भारतीय अंडर-19 टीम आगामी श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो चार दिवसीय मुकाबले खेलेगी. इस दौरे के लिए घोषित वनडे और मल्टी-डे दोनों टीमों में लक्ष्य रायचंदानी को उपकप्तान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. वहीं उपकप्तान जैसी जिम्मेदारी मिलना उनके प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता पर चयनकर्ताओं के भरोसे को दर्शाता है.
लक्ष्य रायचंदानी भारतीय अंडर-19 टीम में चुने गए, उप कप्तान भी बने
लक्ष्य रायचंदानी पिछले कुछ वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. अपनी तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी और मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेल को नियंत्रित करने की क्षमता के कारण उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया. उत्तराखंड की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों के लिए खेलते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अब भारतीय अंडर-19 टीम के उपकप्तान के रूप में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. (मूल रूप से उनका परिवार गोंडा यूपी से ताल्लुक रखता है।)
चंपावत के प्रियांशु फर्तियाल भी भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बने
वहीं दूसरी ओर चंपावत के युवा बल्लेबाज प्रियांशु फर्तियाल का मल्टी-डे टीम में चयन भी प्रदेश के लिए गर्व की बात है. वर्तमान में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रशिक्षण ले रहे प्रियांशु ने लंबे प्रारूप के क्रिकेट में अपनी तकनीक और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी से पहचान बनाई है. घरेलू स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारतीय अंडर-19 मल्टी-डे टीम में जगह मिली है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि प्रियांशु के पास लंबी पारियां खेलने की क्षमता है और यही गुण उन्हें भविष्य में बड़े स्तर पर सफलता दिला सकता है.
सीएयू ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई है. सीएयू सचिव किरन रौतेला वर्मा ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि-यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी. हमें उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
किरण वर्मा, सचिव, सीएयू
बीसीसीआई सदस्य महिम वर्मा ने बताया ऐतिहासिक क्षण
बीसीसीआई सदस्य एवं सीएयू के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने इसे उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया. उन्होंने कहा कि लक्ष्य रायचंदानी का भारतीय टीम का उपकप्तान बनना राज्य के लिए गर्व का विषय है. साथ ही प्रियांशु फर्तियाल का चयन यह साबित करता है कि उत्तराखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि सीएयू लगातार जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को अवसर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है.
श्रीलंका दौरे का शिड्यूल तय
भारतीय अंडर-19 टीम इस श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे (एकदिवसीय) मैच और दो चार दिवसीय (मल्टी डे) मैच खेलेगी। मैचों की शुरुआत 4 जुलाई से होगी।



