उत्तराखंडयूथ कार्नरराजनीति

थलनदी में झील निर्माण को लेकर UKD का धरना, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

Listen to this article

यमकेश्वर, 12 जून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान के तहत यमकेश्वर क्षेत्र में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मूल निवास, जल-जंगल-जमीन के अधिकार, सशक्त भू-कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम में यूकेडी के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से थलनदी में झील निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन सरकार इस प्रस्तावित परियोजना पर गंभीरता से कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि झील बनने से पर्यटन, रोजगार और स्थानीय बाजारों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

डॉ. कपरवाण ने कहा कि जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक और वन कानूनों की जटिलताओं से ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने सरकार से रोजगार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकांश सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं, जहां डॉक्टरों, नर्सों, एक्स-रे एवं लैब तकनीशियनों की भारी कमी है।

यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष यमकेश्वर उपेंद्र प्रसाद बडोला ने कहा कि थलनदी झील का निर्माण वर्षों से अधर में लटका हुआ है। क्षेत्र की जनता एकमत होकर झील निर्माण की मांग कर रही है, क्योंकि इससे स्थानीय स्तर पर विकास और रोजगार के अवसर बढ़ें।

प्रवीन भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय दलों की नीतियों के कारण स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर भू-कानूनों के चलते भू-माफिया स्थानीय लोगों की जमीनें खरीद रहे हैं, जिससे पहाड़ की पहचान और संसाधनों पर संकट खड़ा हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में विश्व प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर जेपी भट्ट “सलाणी”, रूपेंद्र सजवाण, राजेश सिंह रावत, वीरदत्त बहुखंडी, सुदामा राम द्विवेदी, मनोरमा देवी, सरोज देवी, विपिन नेगी, सुमित डबराल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button