
देहरादून, 1 सितम्बर, 26. उत्तराखंड चारधाम यात्रा मानसून सीजन के चलते धीमी गति से चल रही है. अब 15 सितंबर के बाद चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है. इसी क्रम में, चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं का संचालन भी 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. जिसके लिए हेली टिकटों की बुकिंग प्रक्रिया 7 सितम्बर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है. शुरुआती दौर में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक के लिए हेली टिकटों के बुकिंग का स्लॉट खोला जाएगा. इसके बाद समय समय हेली टिकटों के बुकिंग के स्लॉट को खोला जाएगा.
7 सितंबर से आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर होगी टिकटों की बुकिंग
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने कहा केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का दूसरा चरण जल्द ही शुरू होने जा रहा है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 15 सितंबर से मानसून की रवानगी शुरू हो जाएगी. ऐसे में डीजीसीए की अनुमति के बाद उत्तराखंड सरकार ने निर्णय लिया है कि 15 सितंबर से चारधाम में लिए हेली सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. जिसके लिए 7 सितंबर से आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी. पहले चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक के लिए हेली टिकटों की बुकिंग की जाएगी. आईआरसीटीसी की वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in पर टिकट बुक कर सकते हैं।
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का राउंड ट्रिप किराया
गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 12,762 रुपए किराए रखा गया है.
फाटा से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 10164 रुपए किराया रखा गया है.
सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 6390 रुपए किराया रखा गया है.
हेली यात्रा के पहले चरण के दौरान करीब 67 हज़ार यात्रियों ने केदारनाथ शटल हेली सेवाओं का लाभ उठाया है. इसके साथ ही चारधाम यात्रा के लिए संचालित चार्टर सेवाओं का करीब साढे 11 हज़ार श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया है।
प्रतीक जैन, सीईओ, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण
हेली यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए जाने के लिए जो सुरक्षा मानक तय किए गए हैं उसका अनुपालन पहले चरण के दौरान भी बेहतर ढंग से किया गया. अब दूसरे चरण के दौरान भी बेहतर ढंग से किया जाएगा. केदारनाथ धाम के साथ ही बद्रीनाथ धाम के लिए भी गौचर से हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा. चारों धाम गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए चार्टर्ड सेवाएं देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से ही संचालित की जाएगी.
केदारनाथ धाम के लिए 8 हेली ऑपरेटर देंगे सेवाएं
ट्रांस भारत एविएशन की ओर से गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए रोजाना 24, चिपसन एविएशन की ओर से गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए रोजाना 24, यूनाइटेड हेलीचाटर्स की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए रोजाना 24, थंबी एविएशन की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए रोजाना 24, राजस एयरोस्पोर्टस एंड एडवेंचर्स की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए 24 , पिल्ग्रीमेज एविएशन की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए 24, एरो एयरक्राफ्ट की ओर से सिरसी से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं रोजाना 3, हिमालयन हेली की ओर से सिरसी से केदारनाथ धाम के लिए 32 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन को लेकर केदारनाथ धाम के लिए सीतापुर में टेंपरेरी एटीसी स्थापित है. बदरीनाथ धाम में अभी फिलहाल कोई एटीसी नहीं है. स्थाई रूप से एटीसी स्थापित करने का काम चल रहा है. ऐसे में एक अक्टूबर से बदरीनाथ धाम में स्थाई एटीसी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. इसके अलावा, केदारनाथ धाम हेलीपैड के समीप स्थाई एटीसी स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है. ऐसे में अगले साल यात्रा शुरू होने से पहले इस एटीसी का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा.



