बाल विकास शिक्षण संस्थान ने गैंडखाल और मोहनचट्टी के टॉपर छात्रों को किया सम्मानित

यमकेश्वर, 12 सितंबर, 26. बाल विकास शिक्षण संस्थान, गैंडखाल द्वारा शनिवार को क्षेत्र के दो प्रमुख विद्यालयों- राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी और राजकीय इंटर कॉलेज गैंडखाल के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप दोनों विद्यालयों में 50-50, यानी कुल 100 स्कूल बैग बांटे गए।
प्रत्येक वर्ग के 7 विद्यार्थियों का किया गया था चयन
संस्थान के सचिव चरण सिंह भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 6 से 12 तक के प्रत्येक वर्ग के शीर्ष 7 मेधावी विद्यार्थियों को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया था। इस कदम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
विशेषज्ञों ने दिए करियर और स्वास्थ्य संबंधी टिप्स
कार्यक्रम के दौरान अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अतुल सिंह नेगी ने बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और नियमित दिनचर्या का महत्व समझाया। वहीं, राज्य कर विभाग के प्रशांत मैठाणी ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियां सिखाईं और NEET व JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन किया। कर्नल रावत ने विद्यार्थियों में देश सेवा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का जज्बा भरा। अभिभावक संघ मोहनचट्टी के अध्यक्ष विनोद जुगरान ने छात्रों को अनुशासित रहते हुए ऊंचे लक्ष्य तय करने की सलाह दी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रधानाचार्यों ने सराही पहल
ग्राम सभा गैंडखाल की प्रधान शिवानी रावत ने संस्थान का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण बच्चों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। अभिभावक संघ गैंडखाल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से अभिभावकों और विद्यालय का समन्वय मजबूत होता है।
दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने संस्थान की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों का सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य बच्चों में भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धी भावना जगाता है। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक और कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



