बिथ्याणी डिग्री कालेज में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजा, छात्रों में बढ़ा चुनावी रोमांच

यमकेश्वर, 22 सितंबर, 26. महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में छात्रसंघ निर्वाचन को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है तथा संभावित प्रत्याशियों ने अपनी चुनावी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
22 सितंबर से आचार संहिता प्रभाव में

22 सितंबर 2026 को शाम 4:00 बजे से महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ निर्वाचन की आचार संहिता पूर्ण रूप से लागू कर दी गई है। अब से चुनाव संबंधी समस्त गतिविधियां केवल निर्धारित नियमों और आचार संहिता के दायरे में ही संचालित होंगी।
लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों का होगा पालन: योगेश शर्मा
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि पूरा निर्वाचन विश्वविद्यालय छात्रसंघ संविधान और लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों और संभावित उम्मीदवारों से आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने की अपील की है।
निर्वाचन प्रक्रिया के प्रमुख चरण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार निम्नलिखित चरण संपन्न होंगे- नामांकन प्रक्रिया (Nomination), नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny), नाम वापसी (Withdrawal), प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन, मतदान एवं मतगणना (Voting & Counting).
अधिसूचना जारी होते ही छात्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और संभावित प्रत्याशियों ने अपना जनसंपर्क और चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।



