उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

दीपावली से पहले करीब 10 लाख पेंशनधारकों के खातों में पहुंचे 148.18 करोड़ रुपये

देहरादून, 6 नवम्बर, 26. दीपावली से पहले उत्तराखंड के करीब 10 लाख पेंशनधारकों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,99,484 लाभार्थियों के खातों में अक्तूबर महीने की 148.18 करोड़ रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पारदर्शी तरीके से समय पर लाभ मिले। उन्होंने कहा कि पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करती हैं।

धामी ने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कई लाभार्थियों को पेंशन के दस्तावेज तैयार कराने और औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी होती थी। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के समन्वय से करीब सात हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन दी जा रही है।

कार्यक्रम में बताया गया कि अक्तूबर 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6,24,616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये, विधवा पेंशन के 2,39,527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ और दिव्यांग पेंशन के 89,971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये दिए गए। इसके अलावा किसान पेंशन के 27,092, परित्यक्ता पेंशन के 8,442, भरण-पोषण अनुदान के 7,461, तीलू रौतेली पेंशन के 2,248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button