उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से सीधे दिल्ली-देहरादून के लिए चलेंगी बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत

देहरादून, 29 सितंबर, 26. उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों जैसे गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के दूरस्थ कस्बों से देहरादून और दिल्ली का सफर जल्द आरामदायक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने प्रदेश के पर्वतीय शहरों, तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों से देहरादून और दिल्ली तक वातानुकूलित (एसी) बस सेवा संचालित करने की जरूरत का आकलन शुरू कर दिया है।

परिवहन निगम और निजी आपरेटर्स से संपर्क
पहाड़ी क्षेत्रों जैसे उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा आदि के यात्रियों को देहरादून या दिल्ली जाने के लिए बार-बार बसें न बदलनी पड़े, इसके लिए अंतर्राज्यीय और पर्वतीय रूटों को जोड़कर सीधी बस सेवाएं शरू करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। परिवहन निगम के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में कार्यरत स्थानीय परिवहन कंपनियों जैसे TGMOC, GMOU और निजी बस आपरेटर्स के समन्वय से नये परमिट और रूट शैड्यूल किये जा रहे हैं।
निगम ने सभी संबंधित मंडल प्रबंधकों और सहायक महाप्रबंधकों से मार्गवार प्रस्ताव मांगे हैं। जारी पत्र में निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने अधिकारियों से ऐसे मार्गों की जानकारी मांगी है। जहां पर्वतीय शहर, तीर्थ अथवा पर्यटन स्थल से देहरादून अथवा दिल्ली तक एसी बस चलाने की आवश्यकता है। साथ ही यह भी बताने को कहा गया है कि संबंधित मार्ग पर पहले से निजी संचालकों की एसी, वातानुकूलित अथवा अन्य बसें चल रही हैं या नहीं।
निजी बस का किराया भी देखेगा निगम

निगम ने केवल मार्गों की सूची नहीं मांगी है। संबंधित मार्ग पर निजी संचालकों की बसों का किराया भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके आधार पर उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के संभावित किराये का तुलनात्मक आकलन किया जाएगा।

ऑनलाइन बुकिंग सुविधा
इन रूटों पर संचालित होने वाली नई बसों की समय सारणी और टिकट बुकिंग को ऑनलाइन पोर्टल जैसे UTC ऑनलाइन या संबंधित ऐप्स से जोड़ने की तैयारी है, ताकि यात्री एडवांस में सीट बुक कर सकें। इसके अलावा प्रत्येक प्रस्तावित मार्ग के लिए कितनी एसी अथवा वातानुकूलित बसों की जरूरत होगी, इसका ब्योरा भी मांगा गया है। यानी निगम अब मांग, निजी सेवा, किराया और बसों की संख्या, चारों पहलुओं का आकलन कर सेवा शुरू करने की संभावनाएं तलाश रहा है।

Related Articles

Back to top button