करियर सेमिनार से संवरेगा महायोगी गुरु गोरखनाथ डिग्री कालेज के छात्रों का भविष्य, मिले सफलता के अचूक सूत्र

यमकेश्वर, 15 अक्टूबर, 26. महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिध्याणी (यमकेश्वर) में B.A. और B.Sc. के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य संवारने के लिए सही दिशा और सही करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करना था।

विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों पर चर्चा
सेमीनार के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध भविष्य के अवसरों के बारे में विस्तार से समझाया गया। B.A. के छात्र-छात्राओं के लिए सिविल सेवा (IAS, PCS), शिक्षण (Teaching), पत्रकारिता (Journalism), MBA, कानून (Law), मैनेजमेंट तथा UPSC व NGO जैसी सरकारी नौकरियों के करियर विकल्पों पर चर्चा की गई। वहीं दूसरी ओर, B.Sc. के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल/नर्सिंग, डेटा साइंस (Data Science), इंजीनियरिंग, रिसर्च, MBA, पर्यावरण विज्ञान (Environmental Science), बायोटेक (Biotech) और कृषि विज्ञान (Agriculture) जैसे आधुनिक और रोजगारपरक क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रेरणादायक मार्गदर्शन और सहभागिता
कार्यक्रम का आयोजन करियर काउंसलिंग समिति की संयोजिका डॉ. हिमानी बडोनी द्वारा किया गया एवं उपरोक्त विषयक समस्त जानकारी भी उनके द्वारा दी गई। कालेज प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के सेमिनार छात्र-छात्राओं के लिए काफी लाभदायक रहेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनने की स्पष्ट समझ मिलेगी। आधुनिक व तकनीकी क्षेत्रों की यह व्यावहारिक जानकारी न केवल युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी, बल्कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद जीवन में सही और सटीक निर्णय लेने में भी बेहद मददगार रहेगी।



