
देहरादून, 15 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है. धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर धोखे से विवाह करने, दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध रखने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
गिरधारी लाल ने छुपाई अपनी पहली शादी
बता दें कि रेखा आर्या उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री हैं. रेखा आर्या ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया था. रेखा आर्या का आरोप है कि गिरधारी लाल ने विवाह के समय अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी. कुछ साल बाद उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं.
रेखा आर्या के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
तहरीर के मुताबिक, आरोपी के अन्य महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिलने पर रेखा आर्या ने विरोध किया. शुरुआत में आरोपी गिरधारी लाल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला. कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी. उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं.
जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ये भी आरोप लगाया कि उनके पति गिरधारी लाल ने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने उसके लिए जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. इसके अलावा फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटवाने का प्रयास किया गया. जबकि, रेखा आर्या का कहना है कि उसने न तो ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही कोई त्यागपत्र दिया.
रेखा आर्या की हत्या की साजिश रचने का आरोप
वहीं, मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस को एक ऑडियो मिलने की जानकारी भी दी है. आरोप है कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी (रेखा आर्या) की हत्या की साजिश रचने की बात कर रहा है. अब रेखा आर्या ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
– शेखर सुयाल, एसपी सिटी
फूट-फूटकर रोयीं रेखा आर्या, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
वहीं, वीडियो साझा करते हुए रेखा आर्या फूट-फूट कर रोतीं हुईं भी नजर आ रही है. जिसमें तबीयत खराब होने की बात भी कह रही है. वीडियो साझा करने के बाद रेखा आर्या की तबीयत भी बिगड़ गई. जिसके बाद उन्हें कृष्णा मेडिकल सेंटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कृष्णा मेडिकल सेंटर अस्पताल के डॉ सिद्धांत खन्ना के मुताबिक, रेखा आर्या को आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है. छाती में दर्द और ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह से मंत्री रेखा आर्या की तबीयत बिगड़ी है. अभी उनका उपचार चल रहा है.
रेखा आर्या के प्रकरण पर कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
उधर, कांग्रेस ने रेखा आर्या के प्रकरण पर प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी का कहना है कि घटना बेहद दुखद है. उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री का वीडियो सामने आना बेहद गंभीर विषय है. यदि प्रदेश की एक मंत्री स्वयं अपने पति से जान का खतरा होने की बात कह रही हैं और ऑडियो जारी कर रही हैं, पुलिस में तहरीर दे रही हैं तो सोच लीजिए इस प्रदेश में कानून व्यवस्था का क्या आलम है.



