प्रदेश के मेधावी छात्रों को नवंबर में शैक्षिक भ्रमण पर भेजने की तैयारी, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दी जानकारी

देहरादून, 17 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड में मेधावी छात्र-छात्राओं को नवंबर में अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा. साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल के लिए मिलने वाली धनराशि एक माह के भीतर डीबीटी से खातों में भेजने की भी तैयारी है. शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अफसरों से विभिन्न विषयों पर बात करते हुए दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिसमें छात्रों के ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण को फोकस में रखा गया, साथ ही विभागीय दूसरे मुद्दों पर भी कार्रवाई के लिए कहा गया.,
नवंबर में प्रस्तावित है शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम
उत्तराखंड में मेधावी छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ विज्ञान, तकनीक, खेल और संस्कृति से जोड़ने के लिए अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा. इसकी शुरुआत नवंबर में प्रस्तावित है. इसके तहत विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों, प्रौद्योगिकी संस्थानों और ऐतिहासिक विरासत स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा. वहीं सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल के लिए मिलने वाली धनराशि भी जल्द उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी.
तैयार की जा रही कार्यक्रम की रूपरेखा
विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्तावित शैक्षिक भ्रमण में विद्यार्थियों को राज्य के बाहर स्थित प्रमुख संस्थानों और केंद्रों तक ले जाने की योजना है. इसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है. भ्रमण के दौरान बच्चों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को करीब से समझने का मौका मिलेगा. इसके साथ ही खेल प्रशिक्षण संस्थानों, सांस्कृतिक केंद्रों, संगीत और कला अकादमियों का भ्रमण भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा.
उत्तराखंड के इन संस्थानों का कराया जाएगा भ्रमण
राज्य के भीतर भी विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण संस्थानों और स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इनमें आईआईटी रुड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, वन अनुसंधान संस्थान देहरादून, मसूरी स्थित आईएएस प्रशिक्षण अकादमी और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क शामिल हैं. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई से आगे व्यावहारिक जानकारी और नए शैक्षिक अवसरों से परिचित कराना है.
विद्यार्थियों को डीबीटी से मिलेगी धनराशि
स्कूली विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के भुगतान की प्रक्रिया भी तेज करने की तैयारी है. स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल के लिए निर्धारित धनराशि एक माह के भीतर प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण यानी डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के खातों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा इन सुविधाओं के लिए दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा. विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट उपलब्ध कराने से जुड़ा प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष रखा जाना है.
इसके अलावा एससीईआरटी और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के नए ढांचे के गठन के प्रस्ताव कैबिनेट में लाए जाएंगे. पीएम-श्री और समग्र शिक्षा योजनाओं के तहत तैयार आईसीटी सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, खेल परिसरों और छात्रावासों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है.
इस मामले में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि छात्रों की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए एक पदों को भरा जाना बेहद जरूरी है और इसके लिए अफसर तेजी से काम करें यही नहीं उन्होंने छात्र-छात्राओं के भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं.



