
हरिद्वार, 17 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच का दायरा लगातार व्यापक होता जा रहा है. इसी क्रम में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने हरिद्वार के भेल (BHEL) स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ से लंबी पूछताछ की. सीबीआई अधिकारियों ने पूर्व विधायक से करीब तीन घंटे तक विभिन्न बिंदुओं पर गहन सवाल-जवाब किए. पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई टीम और पूर्व विधायक वहां से रवाना हो गए.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम सीबीआई की टीम सुरेश राठौड़ को उनके आवास से शिवालिक गेस्ट हाउस लेकर पहुंची थी. यहां टीम ने उनसे करीब तीन घंटे तक विभिन्न सवाल पूछे. पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम वहां से रवाना हो गई. पूछताछ के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कहा कि, सीबीआई ने उनसे जो भी सवाल पूछे, उन्होंने उनका सही सही जवाब दिया है. वह जांच में सहयोग कर रहे हैं और आगे भी पूरा सहयोग करेंगे.
मैंने सीबीआई की जांच में पूरा सहयोग किया है. न इससे कम, न इससे ज्यादा. जो भी जांच से जुड़ी बातें थीं, वह मैंने सत्यता के साथ अधिकारियों को बता दी हैं. मैंने पूरा सहयोग किया है और आगे भी करता रहूंगा.
-सुरेश राठौड़, पूर्व विधायक
हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे वायरल ऑडियो और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जुड़े संबंधों को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा,”जहां तक उर्मिला सनावर की बात है, तो मैं उनके बारे में कुछ नहीं जानता. मुझे नहीं पता कि वह कौन हैं और उनके बारे में मुझे बिल्कुल भी कोई जानकारी नहीं है.
क्यों तेज हुई है CBI जांच की हलचल?
पिछले कुछ दिनों से अंकिता भंडारी मामले में सियासी और कानूनी सरगर्मी काफी बढ़ गई है. हाल ही में राजनीतिक नियुक्तियों और चर्चाओं के बाद अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली में धरना-प्रदर्शन किया था और सीबीआई मुख्यालय जाकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी. परिजनों ने मामले में जल्द से जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इससे पहले सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद काफी विवाद खड़ा हुआ था, जिसके चलते पूर्व विधायक पर कानूनी शिकंजा कसा गया था. अब सीबीआई इस ऑडियो और हत्याकांड के अन्य अनछुए पहलुओं की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है, ताकि यह साफ हो सके कि इस वीआईपी केस में पर्दे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे.
गौर हो कि दिसंबर 2025 में सुरेश राठौड़ और उनकी कथित पत्नी उर्मिला सनावर की ऑडियो वायरल होने के बाद सुरेश राठौर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी देहरादून, बहादराबाद कोतवाली हरिद्वार, झबरेड़ा थाना हरिद्वार और डालनवाला थाना देहरादून में चार मुकदमे दर्ज किए गए थे. जिनमें से उन्हें दो मुकदमों में हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी. हालांकि एसआईटी ने हरिद्वार पहुंचकर पूर्व में सुरेश राठौड़ से पूछताछ की थी और गिरफ्तार कर देहरादून ले गई थी. उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भी भेजा गया था. इसके बाद उर्मिला भी एसआईटी के सामने पेश हुई थी.



