
पौड़ी, 3 नवम्बर, 26. देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर खांड्यूसैंण के पास में बाघ के हमले में 4 साल की बच्ची आरुषि की मौत हो गई. गुलदार ने बच्ची पर उस वक्त हमला किया, जब वो देर शाम अपने ही घर के आंगन में खेल रही थी. तभी गुलदार झपटा और उठाकर ले गया. वहीं, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक का घेराव किया. इतना ही नहीं महिलाएं विधायक की गाड़ी पर भी चढ़ गईं. इसके अलावा वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में आरुषि का शव बरामद हुआ. गांव के बीचोंबीच घर के आंगन से गुलदार द्वारा बच्ची को उठा ले जाने की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है. जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है.

एक अन्य लड़की पर भी गुलदार ने की हमले की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि आरुषि को उठाने के दौरान गुलदार ने गांव की एक अन्य बालिका पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वो समय रहते घर के अंदर चली गई और शोर मचाने लगी. इसके बाद गुलदार वहां से भाग गया.
महिलाएं बोलीं- अब घर के आसपास भी सुरक्षित नहीं हमारे बच्चे
वहीं, महिलाओं का कहना है कि अब उनके बच्चे घरों के आसपास भी सुरक्षित नहीं हैं. उन्हें हर समय अनहोनी का डर सता रहा है. ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मौके पर पहुंचकर गुलदार को पकड़ने या नियमानुसार उसे शूट करने की मांग की.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. क्षेत्र में गश्त और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घटना के बाद विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
-आयशा बिष्ट, एसडीओ, पौड़ी



