Uncategorizedउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज, दोपहर 1:10 बजे से शुरू होगा तिलक का शुभ मुहूर्त

देहरादून, 9 नवम्बर, 26. देशभर में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाए जाने के बाद अब भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक भाई दूज मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. इस साल भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा. इस बार तिथि 10 नवंबर को शुरू हो रही है, लेकिन उदया तिथि के आधार पर पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा. आचार्य दीप कुमार ने त्योहार की तिथि, तिलक के शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि के बारे में जानकारी दी है.

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी. यह तिथि 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर भाई दूज का पर्व बुधवार, 11 नवंबर को मनाया जाएगा.

भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
11 नवंबर को भाई को तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहेगा. इस दौरान बहनें विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगा सकेंगी. मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में तिलक लगाने और भाई की खुशहाली की कामना करने से यह पर्व और भी खास बन जाता है.

इस विधि से करें भाई दूज की पूजा
भाई दूज के दिन सुबह स्नान करने के बाद बहनें पूजा की तैयारी करती हैं. सबसे पहले घर के मंदिर में भगवान गणेश और अपने इष्ट देव की पूजा करें. इसके बाद भाई को तिलक लगाने के लिए थाली तैयार करें. इसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई और फूल रखें. शुभ मुहूर्त में भाई को आसन पर बैठाकर उसके माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं. इसके बाद आरती उतारकर उसे मिठाई खिलाएं.

तिलक लगाने के बाद बहनें अपने भाई की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और जीवन में तरक्की की कामना करती हैं. इस अवसर पर भाई भी अपनी बहन को उपहार देता है. कई परिवारों में भाई दूज के दिन बहन के हाथों भोजन करने की परंपरा भी निभाई जाती है. इसके लिए घरों में भाई की पसंद के पकवान तैयार किए जाते हैं.

यमराज और यमुना से जुड़ी है भाई दूज की पौराणिक कथा

भाई दूज से जुड़ी एक पौराणिक कथा यमराज और उनकी बहन यमुना की है. मान्यता के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज से बहुत स्नेह करती थीं. वह चाहती थीं कि यमराज कभी उनके घर आएं और उनके हाथों से भोजन करें. यमुना ने कई बार भाई को घर आने का निमंत्रण दिया, लेकिन काम में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनसे मिलने नहीं जा पाते थे.

कथा के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे. भाई को देखकर यमुना बहुत प्रसन्न हुईं. उन्होंने यमराज का स्वागत किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी. इसके बाद उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया. बहन के इस प्रेम और आतिथ्य से यमराज प्रसन्न हुए और उन्होंने यमुना से वरदान मांगने के लिए कहा.

यमराज ने बहन यमुना को दिया था वरदान
कहा जाता है कि यमुना ने यमराज से वरदान मांगा कि जो भी भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए और भोजन करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे. यमराज ने अपनी बहन को यह वरदान दे दिया. मान्यता है कि तभी से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई. इस पर्व को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है.

Related Articles

Back to top button