देहरादून, 9 नवम्बर, 26. उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में विकास पुस्तिका-2026 सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान विमोचन समारोह के आयोजन किया गया. जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को उत्तराखंड राज्यस्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, ये पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है. विकास पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कामों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी याद कराती है.
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि पृथक राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम रहा है. उन्होंने राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा. सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि, उनके नेतृत्व में अलग उत्तराखंड राज्य बनने का सपना साकार हुआ. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
विकास सिर्फ योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए. बल्कि उनके अनुसार विकास तभी सार्थक होता है, जब उसका असर आम नागरिकों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखे. उन्होंने कहा कि गांवों तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होती है. इसी तरह स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं बच्चों के भविष्य को मजबूत करती हैं, जबकि स्थानीय रोजगार के अवसर पलायन की समस्या को कम करने में सहायक होते हैं. सरकार का उद्देश्य हर परिवार की कठिनाइयां घटाना और उनका भविष्य बेहतर बनाना है.
केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है. चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं बताया गया. हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरदराज के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधर रही है. इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है. राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार कर रही है. हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की बात कही.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने G-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखंड को मिली वैश्विक पहचान का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों को भी राज्य की खेल प्रतिभा और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने वाला आयोजन था. पर्यटन क्षेत्र में मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास पर जोर दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य पर्यटन से होने वाले रोजगार का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचाना है.