उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनशिक्षासामाजिक

श्री बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से शुरू होंगी पंच पूजाएं, 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट

गोपेश्वर, 10 नवम्बर, 26. श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात नौ बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे। कपाट बंद करने की प्रक्रिया के तहत पंच पूजाएं 12 नवंबर से शुरू होंगी। मंदिर समिति ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को श्री गणेश जी के कपाट बंद होंगे। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। 14 नवंबर को खड्ग पुस्तक पूजा और वेद ऋचाओं का वाचन बंद होगा।

15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को श्री बदरीनाथ मंदिर आने का आमंत्रण दिया जाएगा। अगले दिन रात नौ बजकर 37 मिनट पर धाम के कपाट बंद होंगे। पंच पूजाएं बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डा. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डा. अमित बंदोलिया संपन्न कराएंगे।

कपाट बंद होने के बाद 17 नवंबर की सुबह रावल, श्री उद्धव जी, श्री कुबेर जी, आदिगुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और विष्णु वाहन श्री गरुड़ जी समारोहपूर्वक अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगे।

पंच पूजाओं के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण सहित समिति के सदस्य व अधिकारी मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Back to top button