खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

शारजाह में जिम्बाब्वे ने टेस्ट में दोनों पारियों में 500 प्लस स्कोर बनाकर रच दिया इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क. शारजाह में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा. लेकिन जिम्बाब्वे की टीम ने मैच में वो कारनामा कर दिखाया है जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमें भी नहीं कर सकीं. जिम्बाब्वे ने इस मैच की दोनों पारियों में 500 से अधिक रन बनाने वाली वर्ल्ड की पहली टीम बन गई. इस मैच में अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में 514 रन बनाए.

दोनों टीमों ने 1541 रन बनाए
इस टेस्ट मैच में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे ने मिलकर 1541 रन बनाए. बल्लेबाज पिच पर रन बनाते रेह और गेंदबाज विकेट के लिए तरसते रहे. मैच में कुल 7 शतक लगे, जिनमें एक दोहरा शतक भी शामिल है. जिम्बाब्वे ने अपनी दूसरी पारी घोषित (डिक्लेयर) नहीं करने का फैसला किया क्योंकि पिच सपाट थी और गेंदबाजों के लिए मदद नहीं थी. जिसके चलते यह मुकाबला ड्रॉ रहा.

दोनों पारियों में 500+ रन
इस मैच में, जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 रन बनाए. जबकि दूसरी पारी में 5 विकेट पर 523 रन बनाए. दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी बढ़त होने के बावजूद जिम्बाब्वे ने अपनी पारी घोषित नहीं की. लेकिन ऐसा करके उन्होंने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था कि किसी टीम ने मैच की दोनों पारियों में 500 रन बनाए हों.

मैच में लगे कुल 7 शतक
शारजाह में खेले गए इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में, जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 504 रन बनाए. इसमें ब्रेंडन टेलर (131 रन) और कप्तान ब्रायन बेनेट (128 रन) के शानदार शतक शामिल थे, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. जवाब में, अफगानिस्तान ने भी शानदार प्रदर्शन किया और पहली पारी में 514 रन बनाए. इसमें सदीकुल्लाह अटल (105 रन), रहमानुल्लाह जदरान (113 रन) और कप्तान रहमत शाह (173 रन) के बेहतरीन शतक शामिल थे. इसके बाद जिम्बाब्वे ने अपनी दूसरी पारी में रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया और 523 रन बनाए. इस पारी में क्रेग इरविन ने नाबाद 206 रन और वेस्ली मधेवेरे ने नाबाद 100 रन बनाए.

क्रेग इरविन ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
मैच में जिम्बाब्वे के क्रेग इरविन ने 41 साल 82 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया. इसके साथ वो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए. इस सूची में इरविन से आगे केवल दो खिलाड़ी हैं. दक्षिण अफ्रीका के एरिक रोवन ने 1951 में हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल 6 दिन की उम्र में 236 रन बनाए थे. वहीं, इंग्लैंड के जैक हॉब्स ने 1924 में लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 41 साल 195 दिन की उम्र में 211 रन बनाए थे.

इसके अलावा इरविन टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज जिम्बाब्वे खिलाड़ी भी बन गए. उन्होंने ब्रेंडन टेलर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया – जो इसी टेस्ट मैच की पहली पारी में 131 रन बनाकर बनाया था. इरविन ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में अपना पांचवां टेस्ट शतक जड़ा. इस सदी में टेस्ट शतक लगाने वाले इरविन दूसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज हैं. उनसे पहले पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक का नाम आता है, जिन्होंने 2016 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 114 रन बनाए थे, तब उनकी उम्र 42 साल और 47 दिन थी.

टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले उम्रदराज बल्लेबाज
एरिक रोवन (दक्षिण अफ्रीका) – 42 साल और 6 दिन
जैक हॉब्स (इंग्लैंड) – 41 साल और 195 दिन
क्रेग इरविन (जिम्बाब्वे) – 41 साल और 82 दिन
पैट्सी हेंड्रेन (इंग्लैंड) – 40 साल और 361 दिन
ग्राहम गूच (इंग्लैंड) – 40 साल और 314 दिन
डडली नर्स (दक्षिण अफ़्रीका) – 40 साल और 207 दिन

Related Articles

Back to top button