उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

बिथ्याणी डिग्री कालेज के असिस्टेंट प्रोफेसर उमेश त्यागी गाजियाबाद से गिरफ्तार

यमकेश्वर, 13 नवम्बर, 26. उत्तराखंड के पौड़ी में फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी महाविद्यालय में नौकरी पाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है. आरोपी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी (यमकेश्वर) में कार्यरत था. जिसे अब सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम डॉ. उमेश त्यागी है, जो मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है।

असिस्टेंट प्रोफेसर पर फर्जी कागजात से नौकरी हासिल करने के आरोप
पौड़ी पुलिस के मुताबिक, पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी के प्राचार्य डा. योगेश कुमार ने थाना यमकेश्वर में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के खिलाफ फर्जी और कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी समेत संबंधित आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

यमकेश्वर थाने में असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ दर्ज किया गया था मुकदमा
शिकायत के आधार पर यमकेश्वर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में अभियोग दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष एवं बारीकी से जांच के निर्देश दिए.

यमकेश्वर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
इसके बाद कोटद्वार अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और श्रीनगर क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में यमकेश्वर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. जिसके बाद पुलिस की टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए साक्ष्य जुटाए. साथ ही आरोपी के संबंध में जानकारी एकत्रित किए.

गाजियाबाद से असिस्टेंट प्रोफेसर उमेश त्यागी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपों से संबंधित सबूत जुटाए. इसके बाद पुलिस टीम ने बीती 12 नवंबर 2026 को गाजियाबाद से असिस्टेंट प्रोफेसर उमेश त्यागी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

गौर हो कि रुद्रप्रयाग में भी बीएड की फर्जी डिग्री के आधार पर शिक्षा विभाग में नौकरी पाने वाले एक और शिक्षक को जेल की सजा हो चुकी है. मामले में शिक्षक सुरेंद्र चंद ने अपनी बीएड की फर्जी डिग्री के आधार पर शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल की थी. जांच के बाद उसके कागजात फर्जी पाए गए. जिस पर उसे 3 साल की जेल हो गई।

शिकायत के बाद हुई जांच में दस्तावेजों के फर्जी होने के पुख्ता सबूत मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और अब उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button