SIR में यदि वोटर लिस्ट से कट गया नाम तो कोई बात नहीं, घबराएं नही, उत्तराखंड में SSR अभियान शुरू

देहरादून, 13 नवम्बर, 26. उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर जहां एक ओर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई है, तो वहीं दूसरी ओर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने भी कमर कस ली है. ऐसे में आगामी चुनाव में कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान से वंचित न रहे, इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान शुरू दिया है.
उत्तराखंड में SSR अभियान शुरू
मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जा रहा है. जो एक महीने तक चलेगा. इस अभियान के दौरान जिन लोगों के नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में हट गए हैं. वो व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यक्रम के मुताबिक, 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की है. ऐसे में 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक जनता दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करवा सकती हैं. इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भर सकते हैं. साथ ही किसी मतदाता का नाम डिलीट करना है, तो उसके लिए फार्म 7 भर सकते हैं.
4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का होगा अंतिम प्रकाशन
वहीं, ईआरओ स्तर से इन सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए 28 दिसंबर तक का समय सीमा निर्धारित की गई है. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. जिसके आधार पर ही आगामी विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे.
उत्तराखंड में वोटरों की स्थिति
बीती 12 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक, उत्तराखंड में कुल 72,78,035 मतदाता हैं. जिसमें 34,84,447 महिला मतदाता, 37,93,373 पुरुष मतदाता और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. जबकि, एसआईआर के बाद 3 अक्टूबर 2026 को जारी फाइनल मतदाता सूची के मुताबिक, प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या 71,58,949 थी.
इसके बाद प्रदेश में 4 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चले एसआईआर अभियान के दौरान फॉर्म 6 के तहत 1,25,216 मतदाताओं ने नाम जोड़े गए हैं. साथ ही फॉर्म 7 के तहत 6,130 मतदाताओं के नाम डिलीट किए गए हैं. इस तरह से एसआईआर के बाद अभी तक मतदाता सूची में 1,19,086 मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है. इसके अलावा प्रदेश में सर्विस मतदाताओं की संख्या 86,028 है, जिसमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला शामिल हैं.
अगर नाम कटा या छूट गया है, तो जुड़वा सकते हैं नाम
उत्तराखंड में 12 नवंबर से शुरू हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान हर एक पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है. दरअसल, एसआईआर के दौरान करीब 8 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से डिलीट कर दिया गया था. हालांकि, इसके पीछे निर्वाचन आयोग ने तमाम वजह बताए थे. अब इस अभियान के दौरान पात्र व्यक्ति, नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं. खास बात ये है कि साल 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग न होने की वजह से जिन मतदाताओं का नाम डिलीट हो गया था. ऐसे पात्र व्यक्ति भी मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए वैलिड दस्तावेज के साथ आवेदन कर सकते हैं.
पोलिंग बूथों फिर से गठन
ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर प्रदेश में पोलिंग बूथों का भी फिर से गठन किया गया है. जिसके बाद प्रदेश में पोलिंग बूथों की कुल संख्या 12,498 हो गई है. जबकि, 3 अक्टूबर 2026 को जारी मतदाता सूची के अनुसार पोलिंग बूथों की संख्या 12,543 थी.
वर्तमान ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर पोलिंग बूथ का फिर से गठन करने के दौरान 29 नए पोलिंग बूथ जोड़े गए हैं. जबकि, 74 पोलिंग बूथों मर्ज़ किया गया है. यानी 45 पोलिंग बूथों की संख्या घट गई है. हालांकि, 4 जनवरी को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन होने के दौरान प्रदेश में पोलिंग बूथों के संख्या, घट और बढ़ सकती है. वहीं, उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर अपलोड कर दी गई है.
ऐसे में मतदाता इन ऑफिशल वेबसाइट पर जाकर अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं. इसके साथ ही ड्राफ्ट मतदाता सूची की कॉपी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनको साफ्ट कॉपी उपलब्ध करायी गई है.
“मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो 1 जनवरी 2027 को 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं या किन्ही वजह से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वो 11 दिसंबर 2026 तक फार्म 6 भरकर अपने बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही ईसीआई नेट ऐप के जरिए भी ऑनलाइन फार्म 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं.- विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड
वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय तय किया गया है. इसके साथ ही 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी. साथ ही 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा.
-विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के सवाल पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि आगामी चुनाव के मद्देनजर सभी ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) प्रक्रिया संपन्न हो गई है. इसके साथ ही जिला स्तर पर चुनाव के लिए कर्मचारियों का डेटा बेस तैयार किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मौजूद 12,498 पोलिंग बूथों का सत्यापन और उसके संवेदनशीलता को जानने की कार्रवाई जिला स्तर पर चल रही है. इतना ही नहीं सेक्टर ऑफिसर और ट्रेनिंग के लिए भी कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं.



