उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

उत्तराखंड-यूपी परिसंपत्ति बंटवारा विवादों के समाधान के लिए सीएम योगी से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

देहरादून, 18 नवम्बर, 26 उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्ति बंटवारा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है. इसी कड़ी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. जिसमें उनके साथ सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे. इस दौरान सिंचाई विभाग समेत अन्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई. जिसमें विवादों के जल्द समाधान पर सहमति बनी.

अब तक सुलझ चुका 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का परिसंपत्ति विवाद
सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि दोनों राज्यों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य के परिसंपत्ति विवादों का समाधान हो चुका है. अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी गतिमान है. उन्होंने बताया कि आज की बैठक में बाकी प्रकरणों का भी जल्द समाधान करने पर सहमति बनी. इसके लिए सीएम योगी का आभार भी जताया. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ लगातार उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर सहयोग एवं सकारात्मक पहल कर रहे हैं.

सिंचाई विभाग से जुड़ी परिसंपत्तियों के निस्तारण पर विशेष जोर
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत, झनकईयां पुल एवं सूखा पुल समेत सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने व जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय उठाया. उन्होंने इन कार्यों को जनहित की दृष्टि से अहम बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया.

सीएम धामी ने कहा कि बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत, संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है. उन्होंने कहा कि इन कार्यों के जल्द क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों एवं किसानों को लाभ मिलेगा. इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है.

इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया. पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की चर्चा हुई. बाकी मामलों के समयबद्ध समाधान और संबंधित निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है. दोनों राज्यों के बीच पूर्व में बनी सहमति के आधार पर कई प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा चुकी है. उनका कहना है कि बाकी लंबित विषयों का भी आपसी सहमति एवं सहयोग से जल्द समाधान कर लिया जाएगा.

बता दें कि 9 नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तरांचल (अब उत्तराखंड) राज्य का गठन हुआ था. जिसके बाद से दोनों राज्यों के बीच परिसंपत्तियों का विवाद चला आ रहा है. 26 बीत जाने के बाद परिसंपत्ति का मुद्दा पूरी तरह से नहीं सुलझ सका है. उत्तराखंड में आज भी कई जल विद्युत परियोजनाएं, बांध, बैराज शैक्षिक संस्थान उत्तर प्रदेश के हैं. उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच कई तरह की देनदारियां भी हैं.

परिसंपत्तियों के साथ अन्य बंटवारे लंबित हैं. अगर इन परिसंपत्तियों का बंटवारा हो जाता है, तो उत्तराखंड को आर्थिक रूप से इसका फायदा मिल सकता है. परिसंपत्ति को लेकर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री कई बैठक कर चुके हैं, जिसमें कुछ परिसंपत्तियों का हल तो निकला, लेकिन अभी भी कई जगहों पर पेंच फंसा हुआ है. लिहाजा, आज हुई मुलाकातों में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बीच परिसंपत्तियों को लेकर बैठक हुई. जिसमें कई मुद्दों के समाधान पर सहमति बनी.

Related Articles

Back to top button