
देहरादून, 27 नवम्बर, 26. उत्तराखंड की 13 साल की टेबल टेनिस प्लेयर गोल्डन गर्ल कायरा भंडारी ने इतिहास रच दिया है. उत्तराखंड टेबल टेनिस के इतिहास में कायरा लगातार तीन प्रतियोगिताओं में सभी कैटेगरी के चारों गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं. इसके साथ ही कायरा ने बिना हारे 50 मैच जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया है. अब कायरा अहमदाबाद में होने जा रही नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उत्तराखंड की टीम को लीड करेंगी.
कायरा भंडारी ने उत्तराखंड स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में चारों गोल्ड मेडल जीते: उत्तराखंड की कायरा भंडारी ने देहरादून में आयोजित उत्तराखंड स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में लड़कियों के चारों आयु वर्ग के गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान बना दिया है.
उत्तराखंड के टेबल टेनिस इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक ही खिलाड़ी ने लगातार तीन प्रतियोगिताओं में सभी वर्गों के गोल्ड मेडल जीत लिए. कायरा भंडारी ने उत्तराखंड स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अंडर15, अंडर19, अंडर17 और सीनियर महिला वर्ग के खिताब अपने नाम किए. इसके साथ ही वो उत्तराखंड स्टेट की नंबर 1 प्लेयर भी बन गई हैं.
दो रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में कायरा सभी 8 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं
इससे पहले कायरा भंडारी ने इसी साल सितंबर में पौड़ी गढ़वाल में आयोजित दूसरी उत्तराखंड रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में महिला वर्ग के चारों गोल्ड मेडल जीतकर क्लीन स्वीप किया था. इसके बाद सितंबर के ही आखिरी हफ्ते में हल्द्वानी में आयोजित तीसरी उत्तराखंड रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी गर्ल्स की चारों आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं के गोल्ड मेडल झटके थे.
अब देहरादून में आयोजित उत्तराखंड स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भी प्रतियोगिता के चारों गोल्ड मेडल जीतकर चार-चार गोल्ड मेडल जीतने की गोल्डन हैट्रिक पूरी कर ली है. इससे पहले ऐसा कारनामा कोई खिलाड़ी नहीं कर पाया है.
कायरा भंडारी इस साल लगातार 50 मैच जीतकर रिकॉर्ड कायम कर चुकी हैं
कायरा भंडारी पिछले 50 मुकाबलों में लगातार जीतती चली आ रही हैं. यानी उन्होंने 50 मैचों में कोई खिलाड़ी नहीं हरा पाया है. ये भी उत्तराखंड टेबल टेनिस में नया रिकॉर्ड है.
इसके साथ ही कायरा 2026 में 13 गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उत्तराखंड की नंबर 1 प्लेयर भी बन गई हैं. वो अंडर15, अंडर17, अंडर19 और सीनियर महिला वर्ग में भी नंबर 1 है. अब ये 13 साल की खिलाड़ी ही अहमदाबाद में 3 दिसंबर से शुरू हो रही नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्तराखंड का नेतृत्व करेगी.
जब कायरा के माता-पिता उन्हें पहली बार मेरे पास लाए तो उसका कॉन्फिडेंस देखकर मुझे आश्चर्य हुआ था. मैंने कहा था कि ये बच्ची जिस भी फील्ड में जाएगी टॉप पर रहेगी. मुझे तब उसकी हाजिरजवाबी और तर्क देखकर उसमें आईएएस और पीसीएस अफसर बनने के भी गुण दिखे थे. मुझे अभी भी याद है जब वो अंडर 11 का फाइनल खेली थी.
-प्रिंस विपोन, मानद सचिव, उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन
भारत के टेबल टेनिस सेक्टर में ये प्रसिद्ध है कि प्रिंस विपोन खिलाड़ी की ग्रिप देखकर ही पहचान जाते हैं कि वो कितना टैलेंटेड है. उन्होंने अपने खेल के दिनों में नेशनल खेला तो उसके बाद वो साई के कोच बन गए और कई बेहतरीन खिलाड़ी देश को दिए. प्रिंस विपोन खासतौर पर टेबल टेनिस शुरू कर रहे बच्चों को इतना अच्छा ग्रो करते हैं कि वो आगे चलकर बड़ा खिलाड़ी बनता है.
कायरा काफी टैलेंटेड खिलाड़ी है. वो रोजाना अपने खेल में सुधार कर रही है. हम उसकी ट्रेनिंग में कोई कमी नहीं रहने देना चाहते हैं. अभी वो छोटे-छोटे पड़ाव पार कर रही है. असली चुनौती आगे है और हमें उम्मीद है कि वो उन्हें भी पार कर लेगी.
-पराग अग्रवाल, कायरा भंडारी और भारतीय टीम के कोच
नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीमों को करेंगी लीड: गुजरात के अहमदाबाद में 3 दिसंबर से 4th नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 शुरू होने जा रही है. वस्त्राल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस चैंपियनशिप में पुरुष और महिला वर्ग में U-15, U-17 और U-19 और सीनियर विमेंस टीमों का नेतृत्व कायरा भंडारी करेंगी. 13 साल की इस टेबल टेनिस प्लेयर के लिए उत्तराखंड की सभी टीमों को लीड करने का ये पहला मौका है. कायरा इसको लेकर बहुत रोमांचित हैं.



