
कोटद्वार, 28 नवम्बर, 26. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र के भंगलवाड़ गांव में हुआ. बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरा एक वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा. वाहन में 12 लोग सवार थे, जिसमें से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं. हादसा रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप हुआ, जहां एक इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रिखणीखाल को सूचना मिली कि इको वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया. सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों ने चार घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. वहीं, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुलिस ने पुष्टि की है. हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उसमें 7 महिलाएं हैं और एक चालक हैं. सभी भंगलवाड़ गांव के रहने वाले थे.
केंद्र और राज्य सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
उत्तराखंड और केंद्र सरकार ने घायलों और मृतकों के परिजनों के लिए राहत राशि की घोषणा की है. उत्तराखंड सरकार की तरफ मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी यानी केंद्र और राज्य सरकार की तरफ कुल एक लाख रुपए मिलेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन इलाके में हुए एक हादसे में लोगों की मौत होने पर दुख जताया. उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50,000 रुपये देने की भी घोषणा की.
एक ही गांव भंगलवाड़ के थे सभी मृतक
जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार दोपहर को करीब एक बजे रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास हुआ. 12 यात्रियों से भरा वाहन बेकाबू होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में ड्राइवर समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. मरने वालों में सात महिलाएं एक ही गांव की थी. हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग भंगलवाड़ गांव के रहने वाले थे. इस हादसे में चार लोग घायल भी हुए है, जिन्हें पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया है.
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी देवेंद्र पींचा, एएसपी मनोज कुमार ठाकुर और लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य भी घटनास्थल पर पहुंचीं। जिलाधिकारी ने बताया कि वाहन चालक का पोस्टमार्टम कोटद्वार में कराया जाएगा, जबकि सातों महिलाओं का पोस्टमार्टम पीएचसी रिखणीखाल में कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
सात सीटर वाहन में बैठी थीं 13 सवारियां
सामान्यत: ईको वैन छह सवारी व एक चालक कुल सात सीट में पास होती है। हादसे का शिकार हुई वैन में चालक समेत 13 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में कुछ लोग रिखणीखाल से बैठे थे और बाकी लोग सिद्धखाल में बैठ गए। पुलिस मामले में अभी जांच की बात कह रही है लेकिन दबी जुबान में ओवरलोडिंग को भी हादसे का कारण माना जा रहा है। एसडीएम शालिनी मौर्य ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवहन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
मृतकों का विवरण-
कांति देवी (45 वर्ष, पत्नी दिनेश चंद्र निवासी भंगलवाड़).
रेखा देवी (42 वर्ष, पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाड़).
सुमित्रा देवी (50 वर्ष, पत्नी रमेश सिह पता भंगलवाड़).
सुनीता देवी (45 वर्ष, पत्नी मदन सिह पता भंगलवाड़).
धनेश्वरी देवी (46 वर्ष, पत्नी किशन चन्द्र फता भंगलवाड़).
सरोजनी देवी (38 वर्ष, पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाड़).
रजनी देवी (उम्र 25 वर्ष, निवासी भंगलवाड़).
अनिल देबराड़ा (उम्र 48 वर्ष, पुत्र जयानंद निवासी भंगलवाड़)- चालक.
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव में जा रही थी, लेकिन बीच रास्ते में ही कलवाड़ी गांव के पास ये हादसा हो गया और 8 लोगों की जान चली गई. वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भिजवाया गया. वहीं मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
घायलों का विवरण-
शशि देबी (पत्नी गजेंद्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 35 वर्ष).
शकुंतला देवी (पत्नी महेन्द्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष).
जगदीश सिंह (पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़).
सत्यवती देवी (पत्नी जगदीश पता भंगलवाड़ उम्र 36 वर्ष).
एक ही गांव के आठ लोगों की मौत की खबर से भंगलवाड़ गांव में शोक की लहर है. वहीं इस हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गहर दु:ख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि,
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत होने की खबर से बहुत दुखी हूं, जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
-नरेंद्र मोदी, पीएम
दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
-पुष्कर सिंह धामी, सीएम, उत्तराखंड



