
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को 1064 वेब एप जनता के लिए लांच किया। उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त करने की दिशा में मुख्यमंत्री धामी ने बड़ी पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद धामी एक्शन में नजर आ रहे हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार की शिकायत को आम जनता इस नंबर पर कभीभी काल कर सकती है।
भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में विजिलेंस विभाग द्वारा निर्मित एप का शुभारंभ करते हुए कहा कि 1064 वेब एप पर जो भी शिकायतें आएंगी उनका यथाशीघ्र निस्तारण किया जाए। यदि शिकायत कर्ता विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाइन एवं संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि शिकायतकर्ता द्वारा जो शिकायत की जाए, उससे स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी उन्हें दी जाए। इस अवसर पर धामी ने सतर्कता विभाग के दो इंसपेक्टर को विवेचना करने के लिए टेबलेट भी प्रदान किए। सतर्कता विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी विवेचना करने के लिए टेबलेट दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता की समस्याओं को समाधान करना सरकार की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सतर्कता विभाग के निदेशक को निर्देश दिए कि 1064 वेब एप का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। आम जन को इस 1064 वेब एप की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा ने बताया कि 1064 वेब एप के द्वारा व फोन से कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत कर सकता है। यह नंबर भारत सरकार से प्राप्त है। इस एप के माध्यम से हर शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जाएगा। यह एप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव डा. एसएस संधु, सचिवकार्मिक एवं सतर्कता अरविंद सिंह ह्यांकी, एसपी रेनू लोहानी, सीओ सुरेंद्र सिंह सामत, अनुषा बडोला आदि मौजूद थे।