
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत में तेज भूकंप कहर बरपा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप के झटके करीब 20 सेकेंड तक महसूस किये गये। भूकंप का केंद्र नेपाल बताया जा रहा है। भूकंप के तेज झटकों के कारण लोगों में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि उन्होंने काफी देर तक झटके महसूस किए। रिक्टर पैमान पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई है।
नेपाल में भूकंप से कई घर गिरे, अब तक 129 लोगों की मौत
दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, उत्तराखंड और नेपाल में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.4 मापी गई है। भूकंप का केंद्र जाजरकोट जिले में जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई में था। नेपाल में भूकंप के कहर से जाजरकोट में अब तक 92 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। भूकंप से कई घर ध्वस्त हो गए हैं। नेपाली अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हो हुई है।
भूकंप से उत्तराखंड भी डोल गया
उत्तर भारत में एक बार फिर आये भूकंप से उत्तराखंड की धरती और पहाड़ भी डोल गये। प्राथमिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र नेपाल बताया जा रहा है इसलिए सीमावर्ती पिथौरागढ़ के इलाके में भूकंप से कंपन अधिर महसूस किया गया। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक सभी जिलों में महसूस किये गये हैं भूकंप के झटके। भूकंप की तीव्रता 6 के आसपास बताई जा रही है।
40 सेकंड तक लगे झटके
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप मापन केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, रात 11.47 बजे भूकंप आया, जिसका केंद्र जाजरकोट में जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का असर भारत और चीन में भी महसूस किया गया। भारत में भी करीब 40 सेकंड तक झटके महसूस किए गए। https://www.facebook.com/Sarthak_Pahal-101257265694407/
प्रधानमंत्री प्रचंड ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। नेपाल के पीएमओ ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने शुक्रवार रात 11.47 बजे जाजरकोट के रामीडांडा में आए भूकंप से हुई मानवीय और घरों की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घायलों के तत्काल बचाव और राहत के लिए सभी तीन सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है।