दरवाजा तोड़कर चौकी प्रभारी ने बचाई आग से झुलस रहे व्यक्ति की जान
यमकेश्वर। दरवाजा तोड़कर चौकी प्रभारी ने आग में झुलस रहे एक व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल दिया। चीला प्रोजेक्ट कालोनी में एक कर्मचारी के घर के अंदर आग लग गयी, कर्मचारी घर के अंदर आग के धुएं में बेहोश हो गया। लोगों को जब इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना चीला चौकी प्रभारी लक्ष्मणझूला को दी।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र स्थित चीला प्रोजेक्ट कालोनी के एक कर्मचारी के आवास में बुधवार को धुआं उठने लगा। धुएं को देखकर आसपास के आवास में रह रहे कर्मचारी विचलित हो गए। घर के अंदर आग लगी थी। लोगों ने कमरे को खोलने का प्रयास किया, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। पुलिस को सूचना मिलते ही चीला चौकी प्रभारी श्रद्धानंद सेमवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बताया कि आवास में अमित कुमार रहता है।
चौकी प्रभारी श्रद्धानंद सेमवाल ने बिना देर किए सबसे पहले कमरे की जाली काटी और बिना देर किए दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गये। अंदर बेड और गद्दों में आग लगी थी। अमित कुमार एक कोने में बेहोश पड़ा था। आग के कारण उसके पैर भी झुलस गये थे।
चौकी प्रभारी ने एंबुलेंस की सहायता से बेहोश कर्मचारी को एम्स अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद स्वयं कर्मचारियों ने बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि उक्त कर्मचारी नशे की हालत में था। एम्स में उपचार के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है। रेसक्यू टीम में हेड कांस्टेबल नीरज कुमार और कांस्टेबल मेजर तोमर शामिल थे।