‘बचपन का प्यार’ फेम सहदेव का एक्सीडेंट, हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर ‘बचपन का प्यार’ गाना गाकर पॉपुलर हुए सहदेव दिर्दो सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। हेलमेट नहीं पहनने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। उन्हें इस हादसे में काफी चोट आई है, जिसके बाद सहदेव को सुकमा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस अस्पताल में सहदेव का इलाज चल रहा है। बता दें कि सहदेव सुकमा के रहने वाले हैं।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे सहदेव अपने दोस्तों के साथ दोपहिया से शबरी नगर तरफ जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर गिट्टी व रेत में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सहदेव के सिर में गंभीर चोट लगी है। वहां मौजूद लोगों ने सहदेव को जिला अस्पताल सुकमा पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने सिर में पांच टांके लगाए। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सुकमा के रहने वाले सहदेव सोशल मीडिया सेंसेशन हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और इसी वजह से वह रातों-रात स्टार बन गए थे। इस वीडियो में सहदेव अपनी क्लास के अंदर ‘बचपन का प्यार’ गाना गाते हुए नजर आ रहे थे।