सियासत के पुरोधा, धरती पुत्र और समाजवाद के ‘मुलायम’ युग का अंत

सियासत के पुरोधा, समाजवाद के नायक धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव का लम्बी बीमारी के चलते आज सुबह 8.16 पर निधन हो गया। इस बात की जानकारी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी। सियासत के पुरोधा, पहलवान और शिक्षक रहे मुलायम सिंह ने एक लंबी सियासी पारी खेली। जिनमें वे तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री और केंद्र में रक्षा मंत्री भी रहे। उन्होंने मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश परिजनों के साथ उनके साथ ही हैं। दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर लखनऊ लाने की तैयारी है। यहां से फिर इटावा ले जाया जायेगा।
मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन और लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डा. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’ प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलायम के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनके निधन से देश को अपूर्णीय क्षति पहुची है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। धरती पुत्र मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिजनों व जन समर्थकों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं।
‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यन्त दुखदायी है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हो गया। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’
योगी आदित्यनाथ, सीएम यूपी
मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षा मंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जायेगा। परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर मुलायम सिंह यादव को श्रीचरणों में स्थान दें।
प्रियंका गांधी
‘राजनीति विरोधी होने के बावजूद समाजवाद के पुरोधा मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से कई विषयों पर बात करते। कई अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’ राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री
इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह, बसपा सुप्रीमो मायावती, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल आदि लोगों ने भी शोक संवेदनाएं प्रेषित की हैं।
यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक
मुलायम सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।
कल सैफई में होगा अंतिम संस्कार
सपा ने ट्वीट कर बताया कि आदरणीय नेताजी का आज सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिक शरीर को सैफई ले जा रहा है। कल दोपहर तीन बजे सैफई में उनका अंतिम संस्कार होगा। https://sarthakpahal.com/