उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

युवाओं को विदेशों में आकर्षक नौकरियां दिलाने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग देगी सरकार

देहरादून। विदेशों में मेडिकल, होटल, योगा, आतिथ्य, केयर टेकर, तकनीशियन, इंजीनियर, आईटी पेशेवरों के लिए आकर्षक नौकरियों की जबर्दस्त मांग है। मांग के मुताबिक राज्य सरकार राज्य के युवाओं को स्पेशल ट्रेनिंग देकर तैयार करेगी। प्रदेश सरकार जापान, जर्मनी और इजरायल समेत अन्य देशों में नौकरी दिलाकर उनका सपना पूरा करने में सहयोग करेगी।

हर साल सैकड़ों युवा जाते हैं विदेश
हर साल राज्य के सैकड़ों युवा विदेशों में नौकरी के लिए जाते हैं। ऐसे में उनके साथ बड़ी संख्या में ठगी होने की खबरें भी आती रहती हैं। कई बार उनके साथ शोषण के मामले भी सामने आते हैं। सरकार ऐसे युवाओं को रोजगार के अवसर का एक मंच प्रदान करना चाहती है। मैकेंजी ग्लोबल एजेंसी ने सरकार को उन देशों में हजारों नौकरियां सुझाई हैं, जहां स्नातक पास बेरोजगार नौजवानों को एक विशेष प्रशिक्षण और विश्वसनीय प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम नियुक्त कराया जा सकता है।

सरकार बड़ी एजेंसियों से कर रही संपर्क
प्रदेश सरकार ने विदेश में रोजगार के लिए प्लेसमेंट एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे हैं। ऐसी एजेंसियां अपना प्रस्तुतिकरण भी दे चुकी हैं। सरकार देश की सभी नामी एजेंसियों से भी संपर्क साध रही है। प्लेसमेंट एजेंसी की मदद से सरकार उस ट्रेड के बेरोजगार को उस देश की भाषा सिखाएगी। विदेश में रोजगार दिलाने के लिए नोडल कौशल विभाग के तहत स्नातक युवाओं को छह महीने की स्पेशल ट्रेनिंग के तहत विदेशी भाषा का कोर्स कराया जायेगा।

जापान में रोजगार के अच्छे अवसर
सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक, जापान में रोजगार के ज्यादा अवसर हैं। वहां 75 साल से अधिक आयु की बड़ी आबादी है। जापान को वृद्धों की देखरेख करने वाले सेवकों की बड़ी संख्या में जरूरत है। उत्तराखंड रोजगार के इस बड़े अवसर का लाभ उठा सकता है। इजरायल और जर्मनी में योगा टीचर की बड़ी आवश्यकता है। https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button