उत्तराखंडबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

मंत्री सतपाल महाराज ने एकेश्वर ब्लाक का भ्रमण कर क्षेत्र को दी विकास योजनाओं की सौगात

पौड़ी, 5 जुलाई, 26. ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विकासखंड एकेश्वर का भ्रमण कर क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

कैबिनेट मंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मज्याड़ी–गोची गांव–पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण, स्टेज-1) तथा 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय एकेश्वर में बनने वाले टाइप-2 भवन का शिलान्यास किया। दोनों परियोजनाओं पर कुल 75 लाख रुपये की लागत आएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। प्रस्तावित सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button