
रुद्रप्रयाग, 10 अप्रैल। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि इस बार केदारनाथ धाम में मजबूत टोकन व्यवस्था से तीर्थ यात्रियों को दर्शन कराए जाएंगे। साथ ही मोबाइल रखने के लिए लाकर और जूते रखने के लिए थैलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। क्योंकि, पंजीकरण से लगता है कि इस बार रिकार्ड तीर्थयात्री दर्शन को पहुंचेंगे।
जिला मुख्यालय स्थित जीएमवीएन के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीएम मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को लेकर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह का व्यवधान न हो। बताया कि अब तक चार लाख 73 हजार 168 तीर्थयात्री केदारनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। साथ ही सोनप्रयाग में आफलाइन पंजीकरण के लिए केंद्र स्थापित किया गया है, जहां सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न होगी।
टोकन सिस्टम से होंगे बाबा केदार के दर्शन
अब भक्तों को लंबी लाइनों में घंटों खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। टोकन पर दिये गये समय के अनुसार बाबा के दर्शन करने से समय की काफी बचत होगी। मंदिर परिसर के पास मोबाइल रखने की सुरक्षित जगह होने से डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित होगी और मंदिर की मर्यादा भी बनी रहेगी। वहीं जूते-चप्पलों के लिए अब थैलियों का उपयोग किया जायेगा, स्वच्छता की दृष्टि से ये एक बड़ा कदम है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा के मद्देनजर तीन सुपर जोन, 17 जोन व 47 सेक्टर बनाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी सुपर जोन, जोन व सेक्टर बनाए गए हैं। भीड़ वाले स्थानों पर मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट लगातार गश्त करेंगी। शटल सेवा, बैरिकेडिंग व ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि तीर्थ यात्रियों को जाम से न जूझना पड़े।
2,200 वाहन खड़े करने की व्यवस्था
यात्रा के दौरान गौरीकुंड हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए जगह-जगह स्थायी व अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इससे यातायात को नियंत्रित करने में भी आसानी होगी। डीएम ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले की सभी पार्किंग में लगभग 2,200 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था है।
हेली यात्रा को पंजीकरण शनिवार से
तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए शनिवार 11 अप्रैल दोपहर 12 बजे से हेली यात्रा का पंजीकरण शुरू किया जा रहा है। हेली बुकिंग के नाम पर होने वाली साइबर ठगी व अपराध को रोकने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। अब तक 300 से अधिक फर्जी फेसबुक पेज व पोर्टल प्रतिबंधित कराए जा चुके हैं।
मार्ग पर 445 पर्यावरण मित्र तैनात
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुलभ संस्था के 245 और नगर निकाय के 200 से अधिक पर्यावरण मित्रों तैनात किए जा रहे हैं। कूड़ा प्रबंधन, शौचालय व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि तीर्थ यात्रियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। डीएम ने बताया कि अब तक लगभग 50 प्रतिशत होटल बुक हो चुके हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ से गौरीकुंड के बीच विभिन्न स्थानों पर तेजी से निर्माण व मरम्मत कार्य जारी हैं। संबंधित विभागों से यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूरे करने को कहा गया है।



