देश-विदेशबड़ी खबरराजनीतिसामाजिक

50% से घटकर सीधे 18% पर आया ट्रंप का टैरिफ, मोदी-ट्रंप की बातचीत में बनी सहमति

नई दिल्ली, 2 फरवरी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फोन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की. इसके बाद ट्रंप ने भारत पर अमेरिकी टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने की घोषणा की.

ट्रंप ने अपने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि आज सुबह (अमेरिकी समय) भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना सम्मान की बात थी. वो मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने सहित कई मुद्दों पर बात की. वह रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका और संभावित रूप से वेनेजुएला से बहुत कुछ खरीदने पर सहमत हुए. इससे यूक्रेन में युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर सप्ताह हजारों लोग मर रहे हैं!

ट्रंप ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण, और उनके अनुरोध के अनुसार, तुरंत प्रभाव से, हम अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत अमेरिका कम पारस्परिक शुल्क (Reciprocal Tariff) लगाएगा और इसे 25% से घटाकर 18% कर देगा. वे (भारत) इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर टैरिफ बाधाओं को शून्य तक कम करने के लिए आगे बढ़ेंगे.

ट्रंप ने आगे लिखा,प्रधानमंत्री ने अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों के $500 बिलियन डॉलर से अधिक के अलावा, उच्च स्तर पर “अमेरिकी खरीद” के लिए भी प्रतिबद्धता जताई. भारत के साथ हमारे अद्भुत रिश्ते आगे चलकर और भी मजबूत होंगे.

इससे पहले, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों नेताओं के बीच बातचीत की जानकारी दी. गोर ने पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की. जुड़े रहिए.”

मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर यह बातचीत उस दिन हुई, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वाशिंगटन का तीन दिन का दौरा शुरू किया. भारत-EU डील होने के बाद ट्रंप की पीएम मोदी से यह पहली बातचीत भी है.

इससे पहले, ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा कि वह वेनेजुएला के ऑयल सेक्टर में भारत और चीन से निवेश का स्वागत करते हैं. उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर का एक न्यूज मैगजीन का कवर भी साझा किया, जिसका टाइटल था ‘न्यूजमेकर्स ऑफ द ईयर 2025’, और कैप्शन था ‘द मूवर एंड द शेकर’.

ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि भारत समेत कई देश वेनेजुएला से तेल आयात करना शुरू कर सकते हैं, जो हाल के कानूनी सुधारों की ओर इशारा करता है, जिससे इस सेक्टर को निजी निवेश के लिए खोल दिया गया है.

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड बातचीत और टैरिफ को लेकर खींचतान देखी गई है.
भारत और अमेरिका मार्च 2025 से ट्रेड डील को लेकर बातचीत कर रहे हैं. रूसी क्रूड ऑयल खरीदने के कारण अगस्त 2025 से, अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 50% का भारी टैरिफ लगाया है – जो किसी भी देश पर लगाया जाने वाला सबसे अधिक टैरिफ है – जिसमें 25% पारस्परिक शुल्क (Reciprocal Duty) और 25% एक्स्ट्रा लेवी शामिल है.

Related Articles

Back to top button