उत्तराखंडमनोरंजनयूथ कार्नरराजनीति

अल्मोड़ा से शुरू हुई हरीश रावत की ‘तिरंगा सम्मान’ पदयात्रा, झूठ और लूट की सरकार पर मढ़े कई आरोप

अल्मोड़ा, 9 जून। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज अल्मोड़ा के सोमेश्वर में ‘तिरंगा सम्मान’ पदयात्रा निकाली. पदयात्रा शहीद स्थल चनौदा से शुरू हुई. इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शांतिलाल त्रिवेदी सहित दर्जनों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जयजयकार करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित की गई. वहीं पदयात्रा के दौरान एक तरफ तिरंगे समेत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शान में नारे लगाए तो दूसरी तरफ सरकार के खिलाफ आक्रोश भी व्यक्त किया गया.

झूठ और लूट की सरकार के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे
हरीश रावत ने कहा कि वह जय हिंद अभियान के तहत जगह-जगह तिरंगा लेकर पदयात्रा निकाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज ‘तिरंगे की जय’ के लिए यह भी आवश्यक है कि सांप्रदायिकता और समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ लोगों को जागरूक करें. झूट और लूट की सरकार के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का काम करें.

गांधीवादी सोच को नष्ट करने का काम कर रही सरकार
उन्होंने कहा कि सरकार के सारे मंत्रियों के क्षेत्र में इसी तरह दो दिन की पदयात्रा करेंगे. इसकी शुरुआत स्वतंत्रता के अमर स्थल चनौदा से कर दी है. यह जो तिरंगा झंडा लहरा रहा है, यह इस बात का प्रतीक है कि आजादी की लड़ाई किस तरह से लड़ी गई. यहां स्थित खादी आश्रम इस बात का प्रतीक है कि किस तरीके से गांधीवादी सोच को आगे बढ़ाने का काम किया. लेकिन आज उन सब सोचों को नष्ट किया जा रहा है. गांधी को भुलाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि, देश में जिस प्रकार का माहौल बना हुआ है, उसके खिलाफ कांग्रेस तिरंगे की आन बान शान बनाए रखने के लिए यात्रा निकाल रही है. प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश के हर मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र में सरकार को बेनकाब करेंगे और प्रदेश की सरकार की नकामी को जनता के सामने रखेंगे.

Related Articles

Back to top button