उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरस्वास्थ्य

पौड़ी गढ़वाल के गैंडखाल में घास लेने जंगल गयी महिला पर बाघ का हमला, AIMS भर्ती

यमकेश्वर, 13 मई। पौड़ी गढ़वाल जिले के गैंडखाल में घास लेने जंगल गई महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए डीएफओ को ज्ञापन भेजकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव की तीन महिलाएं गांव के नजदीक कुसरगल तोक में घास लेने के लिए गई थी। दोपहर घास काटने के बाद महिलाएं छांव में बैठी थी, तभी झाड़ियों में छुपे गुलदार ने रीता देवी (40) पत्नी योगेश्वर प्रसाद कुकरेती पर अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के सिर और हाथ पर गहरे निशान हैं। साथ गयी अन्य महिलाओं की ओर से हल्ला मचाने के बाद बाघ तेजी से जंगल की ओर भाग गया। महिलाओं ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। उसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला को चारपाई में उठाकर स्थानीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने महिला को एम्स ऋषिकेश रेफर किया है। जहां महिला का इलाज किया जा रहा है। https://sarthakpahal.com/

ग्राम प्रधान मनोज गौड़ ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पहली घटना है। लोग दहशत में आ गए हैं। गुलदार को पकड़ने या मारने के लिए गांव के पास पिंजरा लगाने और शूटरों की तैनाती करने के लिए डीएफओ को पत्र लिखा गया है।

यमकेश्वर विकासखंड के गैंडखाल में गुलदार की ओर से महिला पर हमला करने के बाद गांव में टीम को भेजा गया है। क्षेत्र में टीम गश्त करेगी। घायल महिला को वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाएगा।
राकेश चंद, वन क्षेत्राधिकारी लैंसडौन

Related Articles

Back to top button