उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

आज शुभ मुहूर्त में खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, सीएम धामी रहेंगे मौजूद, धाम के आसपास मोबाइल बैन

Listen to this article

रुद्रप्रयाग, 21 अप्रैल। आस्था के विश्वविख्यात केंद्र केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे. इसी के साथ बहुप्रतीक्षित केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा. कपाट उद्घाटन के इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचेंगे. पारंपरिक पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होंगे.

कपाट खुलने को लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं. बाबा के दर्शन के लिए उत्सुक हैं. कपाट खुलने से पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली के धाम पहुंचने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल चरम पर पहुंच गया है.

फूलों से सजा केदारनाथ मंदिर
कपाट खुलने से पहले धाम में उत्साह, आस्था साफ नजर आ रही है. मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है. मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है. केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल ताजे गेंदे के फूलों से सजाया गया है.

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं, तैयारियां पूरी
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. यात्रा मार्गों की मरम्मत, यातायात प्रबंधन, पैदल मार्ग पर शौचालय, पेयजल, भोजन और आवास की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. साथ ही विद्युत और सोलर लाइट की व्यवस्था भी की गई है. स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए प्रत्येक दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं. वहीं, स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक शौचालयों के साथ गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.

मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने कहा कि केदारनाथ मंदिर परिसर में अब मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह फैसला मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाना, फोटो या वीडियो बनाना और रील्स रिकॉर्ड करना सख्त मना है। इन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले किसी भी श्रद्धालु के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कड़े सुरक्षा इंतजाम
यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं. यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

केदारनाथ में तीर्थयात्रियों को मिलेंगे आंचल डेयरी के उत्पाद
आंचल डेयरी, श्रीनगर के प्रधान प्रबंधक श्रवण कुमार ने बताया कि इस संबंध में सोमवार को जिला मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक हुई। प्रशासन की ओर से केदारनाथ में कैफे खोलने और उत्पादों की बिक्री को लेकर दिशा-निर्देश मिले हैं। इससे स्थानीय रोजगार को भी बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि गौरीकुंड से केदारनाथ तक सामान घोड़े-खच्चरों के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। तीर्थयात्रियों को उचित दाम पर सामान मिले इसके लिए प्रशासन से रेट को लेकर भी स्पष्ट निर्देश मिले हैं। आंचल कैफे पर रेट लिस्ट भी चस्पा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button