“देवनागरी लिपि की वैज्ञानिकता” विषय पर डिग्री कालेज बिथ्याणी में निबंध प्रतियोगिता आयोजित

यमकेश्वर, 27 अप्रैल। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल के हिंदी विभाग द्वारा “देवनागरी लिपि” विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं देवनागरी लिपि के प्रति जागरूकता, रुचि तथा लेखन कौशल का विकास करना था।
इस प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमती पूजा रानी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के हिंदी विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देवनागरी लिपि के इतिहास, महत्व तथा वर्तमान उपयोगिता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रीति प्रथम, काजल आयुष द्वितीय तथा कृष्णा तनीषा तृतीय रहीं
प्रतियोगिता के मूल्यांकन का दायित्व डॉ. उमेश त्यागी एवं डॉ. हिमानी बडोनी द्वारा निभाया गया। उन्होंने प्रतिभागियों के निबंधों का निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया तथा श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया। जिसमें प्रथम स्थान बी ए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा प्रीति ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कु. काजल एवं आयुष कुमार बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र एवं छात्रा ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया तथा तृतीय स्थान कुमारी कृष्णा एवं कुमारी तनीषा बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस प्रकार यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।



