आईटीआई दुगड्डा में अप्रेंटिसशिप मेले में 11 मई को जुटेंगी 10 से अधिक कंपनियां

दुगड्डा (कोटद्वार), 9 मई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान दुगड्डा में 11 मई को आयोजित होने वाले अप्रेंटिसशिप मेले की तैयारियों और पंजीकरण को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी दी गयी है। इस अप्रेंटिसशिप मेले में हाईस्कूल से लेकर डिग्रीधारक युवा शामिल होकर अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
10 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल
यह मेला 11 मई 2026 को सुबह 10 बजे से आईटीआई परिसर दुगड्डा में शुरू होगा। संस्थान के प्रधानाचार्य गोविंदा ने बताया कि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार कौशल विकास एवं सेवायोजन निदेशालय हल्द्वानी के निर्देशों के क्रम में अप्रेंटिसशिप मेले में प्रदेश व प्रदेश से बाहर से 10 से अधिक उद्योग एवं विभाग प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस मेले में हाईस्कूल, इंटर, आईटीआई डिप्लोमा, डिग्री उत्तीर्ण एवं अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों, कंपनियों में अप्रेंटिस करने का अवसर प्राप्त होगा। युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ निर्धारित मानदेय पर काम करने का भी मौका मिलेगा। प्रधानाचार्य ने क्षेत्र के युवाओं से मेले में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण कर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
आवश्यक दस्तावेज
बायोडाटा की कम से कम 3-4 प्रतियां, शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र (ओरिजनल और फोटोकापी), आधार कार्ड और पासपोर्ट साइट फोटो, अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अग्रिम पंजीकरण (यदि संभव हो) साथ रखना जरूरी है।



