उत्तराखंडखेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

कण्डोलिया इण्डोर स्टेडियम में जल्द मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं, बैडमिंटन कोर्ट का काम अंतिम चरण में

Listen to this article

पौड़ी, 6 जून। जनपद मुख्यालय स्थित कण्डोलिया इण्डोर स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त विकसित खेल परिसर के रूप में तैयार करने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्टेडियम एवं खेल कार्यालय का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

बैडमिंटन कोर्ट का कायाकल्प और आधुनिक फ्लोरिंग
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैडमिंटन कोर्ट सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उपयोग के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी फ्लोरिंग को बदलकर आधुनिक फ्लोरिंग और कोर्ट मैट लगाए गए हैं। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर और सुरक्षित खेल वातावरण मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इण्डोर स्टेडियम में चार बैडमिंटन कोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनका कार्य अंतिम चरण में है। शीघ्र ही खिलाड़ियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण इण्डोर खेल सुविधा उपलब्ध होगी।

हाल ही स्थापित प्रकाश व्यवस्था का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में स्थापित प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने, मुख्य प्रवेश द्वार पर फोकस लाइट स्थापित करने तथा आकर्षक साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के साथ-साथ परिसर का सौंदर्यीकरण भी जरूरी है। स्टेडियम परिसर को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पाइपलाइन व्यवस्था दुरुस्त करने, जालियों पर रंग-रोगन कराने, भवन रखरखाव कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा लकड़ी की संरचनाओं पर गुणवत्तापूर्ण पॉलिश कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने खेल उपकरणों और सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के लिए कैबिनेट निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खेल कार्यालय में पेयजल और शौचालय सुविधाओं की भी समीक्षा की।

लॉन टेनिस कोर्ट का सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचा
उन्होंने लॉन टेनिस कोर्ट के आसपास विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए विस्तृत आकलन तैयार करने तथा जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश दिए। सभी जल कनेक्शनों को सुचारु रखने और खेल परिसरों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। खेल कार्यालय परिसर में खिलाड़ियों के लिए पेयजल और शौचालय की व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर रावत, डीएसटीओ राम सलोने, अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, कनिष्ठ अभियंता वैभव चन्दोला सहित अन्य अधिकारी एवं कोच मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button