उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

स्वामी रामदेव ने की पतंजलि सिविल सर्विसेज की घोषणा, स्नातक के साथ तैयार होंगे IAS-IPS

Listen to this article

हरिद्वार, 13 जून। योग गुरू स्वामी रामदेव अब प्रशासनिक सेवाओं के लिए भी नई पहल करने जा रहे हैं. पतंजलि समूह ने सिविल सर्विसेज की तैयारी कराने के लिए अपनी नई पंतजलि सिविल सर्विसेज एकेडमी शुरू करने की घोषणा की है. इस एकेडमी की सबसे खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर चर्चित शिक्षक अवध ओझा को इसका नेतृत्व सौंपा गया है.

शनिवार सुबह पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव और अवध ओझा एक साथ योग करते नजर आए और सोशल मीडिया पर ही स्वामी रामदेव ने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए एकेडमी शुरू करने की घोषणा की. स्वामी रामदेव ने बताया कि ‘आज बहुत बड़ा दिन है, पतंजलि योगपीठ में पतंजलि सिविल सर्विस एकेडमी की शुरुआत की है. सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए इस एकेडमी की शुरुआत की है. सबसे खास बात यह है कि उर्जावान अवध ओझा को इसका सूत्रधार और प्रमुख बनाया गया है.’

दिल्ली माडल का विकल्प
अवध ओझा लाखों बच्चों को सिविल सर्विस की तैयारी करा चुके हैं और एक हजार से ज्यादा बच्चे आईपीएस और आईएएस बन चुके हैं. अब पतंजलि में किसी भी विश्विद्यालय के बच्चे आकर सिविल सर्विस की तैयारी कर सकेंगे. अपने और देश के भविष्य निर्माण के लिए खुद को तैयार करवायेंगे. एकेडमी का उद्देश्य देश को संस्कारवान, राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाले और उत्कृष्ट प्रशासनिक अधिकारी देना है. वहीं अवध ओझा ने कहा कि अब सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों को दिल्ली जैसे बड़े कोचिंग संस्थानों की बेहतर शिक्षा पतंजलि योगपीठ के शांत वातावरण में मिलेगी.

12वीं पास करने के बाद ले सकते हैं दाखिला
यह एक आवासीय संस्थान है, जहां 12वीं पास करने के बाद छात्र दाखिला ले सकते हैं। यहां उन्हें ग्रेजुएशन (स्नातक) की डिग्री के साथ-साथ UPSC की 3 या 4 साल की इंटीग्रेटेड तैयारी कराई जायेगी।

सनातन और आधुनिकता का संगम
स्वामी रामदेव के अनुसार इस अकादमी में छात्रों को केवल किताबी ज्ञान या कोचिंग नहीं दी जायेगी, बल्कि योग, प्राणायाम और भारतीय मूल्यों के जरिये उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी मजबूत किया जायेगा, ताकि वे बिना किसी तनाव के UPSC जैसी कठिन परीक्षा का सामना कर सकें। परिसर में पूरी तरह आवासीय व्यवस्था है, जहां आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी, हाईटेक क्लासरूम और ग्रुप डिस्कशन रूम बनाये गये हैं। यहां छात्रों की 24 घंटे की दिनचर्या तय होती है।

उन्होंने बताया कि छात्रों को दिल्ली के अनुभवी और बेहतरीन शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. यहां आकर उन्हें किसी प्रकार की टेंशन और स्ट्रेस नहीं होगा. पतंजलि योगपीठ में योग, अनुशासित दिनचर्या और तनावमुक्त माहौल के बीच बच्चों को यूपीएससी और अन्य सिविल परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे. उन्होंने दावा किया कि यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करेगी.

उनका लक्ष्य देश को ऐसे प्रशासनिक अधिकारी देना है जो न केवल मानसिक रूप से अत्यंत तीव्र और कुशल हों, बल्कि पूरी तरह से देशप्रेम, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से ओत-प्रोत हों।
योग गुरु स्वामी रामदेव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button