नीट री-एग्जाम के अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक रोडवेज बसों में फ्री यात्रा

देहरादून, 14 जून। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में शामिल होने जा रहे उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी भी छात्र को आर्थिक परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की साधारण श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है।
राज्य के स्थायी निवासी 19 से 23 जून तक कर सकते हैं यात्रा
यह सुविधा 21 जून को होने वाली नीट-यूजी री-एग्जाम के मद्देनजर लागू की गई है। परिवहन निगम के अनुसार राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थी 19 जून से 23 जून तक निगम की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे। दूरस्थ पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को इससे विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।
पंजीकरण या अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं
निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि छात्रों को किसी प्रकार के पंजीकरण या अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। यात्रा के दौरान केवल नीट-यूजी 2026 का वैध प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाने पर उन्हें निशुल्क यात्रा की सुविधा मिल जाएगी। एडमिट कार्ड को ही यात्रा के लिए मान्य दस्तावेज माना जाएगा। परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल साधारण बसों में उपलब्ध रहेगी। एसी, वॉल्वो अथवा अन्य विशेष श्रेणी की बसों में इसका लाभ नहीं मिलेगा।
छात्रों को सहयोग के निर्देश
परीक्षा अवधि को देखते हुए निगम मुख्यालय ने सभी डिपो प्रबंधकों, चालकों और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्हें अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर सीट उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
हजारों परिवारों को मिलेगी राहत
हर वर्ष राज्य के हजारों छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे अभ्यर्थियों की होती है, जिन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से विशेषकर पर्वतीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।



