उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशशिक्षासामाजिक

BKTC ने दस्तावेज, बैंक रिकार्ड और अन्य साक्ष्य जांच समिति के अध्यक्ष गड़वाल कमिश्नर को सौंपे

गोपेश्वर, 22 जुलाई, 26. बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में हुई अनियमितता और चोरी के आरोपों के मामले में गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय जांच समिति ने मंदिर समिति द्वारा तमाम प्रमुख दस्तावेज, बैंक रिकार्ड और साक्ष्य सौंप दिये हैं। सीसीटीवी कैमरों की पुरानी डीवीआर से 21 जून से पहले का रिकॉर्ड नहीं निकल पा रहा है। एसआईटी ने अब इस डीवीआर से पुराना डाटा रिकवर करने के लिए एफएसएल सेंटर डीवीआर भेजी है।

कमिश्नर की उच्चस्तरीय समिति की समीक्षा
गढ़वाल कमिश्नर की अगुवाई वाली तीन सदस्यीय समिति ने बदरीनाथधाम पहुंचकर खुद दान-गणना स्थल, गर्भ गृह और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। समिति ने कर्मचारियों के लिए सख्त गाइडलाइंस लागू करने की सिफारिशें तैयार की हैं। ये दस्तावेज ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपे गए हैं। गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावा दान की गिनती के दौरान जिस प्रकार पांच-पांच सौ के नोटों के बंडल व सोने चांदी के उपहार ठिकाने लगाए गए उससे आस्थावान लोगों को गहरा आघात पहुंचा था।

हालांकि मामले में मंदिर समिति के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल की भूमिका चढ़ावा दान चोरी के मामले में मुख्य आरोपित के रुप में सामने आई है व मंदिर के पूर्व अधिकारी राजेंद्र चौहान को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपित जेल में ही हैं लेकिन जिस प्रकार 21 जून से पूर्व का डाटा स्टोरेज डीवीआर से गायब है, उसको लेकर पुलिस को शक है कि कहीं इसको मिटाया न गया हो।

कपाट खुलने से 21 जून तक 40 बार दान चढ़ावा की गिनती
बताया गया कि पुरानी डीवीआर में 21 जून से पूर्व का डाटा उपलब्ध नहीं है। हालांकि 22, 25, 29 जून के साथ दो जुलाई को दान चढ़ावे की गिनती की रिकॉर्डिंग पुलिस एसआईटी के पास मौजूद है। इसमें हर दिन चढ़ावा, दान के साथ उपहार को ठिकाने लगाने की तस्वीरें रिकॉर्ड हैं। ऐसे में एसआईटी भी मान रही है कि चढ़ावा दान चोरी की घटना गिनती के दौरान लगातार हो रही है। अगर डीवीआर से पुराना रिकॉर्ड कवर होता है तो कपाट खुलने से 21 जून तक 40 बार दान चढ़ावा की गिनती हुई है।

मुख्य आरोपी के रिमांड पर कल होगी सुनवाई
बदरीनाथ धाम में दान चढावा चोरी के मामले में एसआईटी द्वारा जिला जज की अदालत में पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन किया है। इस पर सबकी नजर टिकी हुई है। न्यायालय गुरुवार को पुलिस कस्टडी रिमांड आवेदन पर सुनवाई करेगा। मुख्य आरोपित वैयक्ति सहायक प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए पूर्व में भी दो बार निचली अदालत में आवेदन देकर तीन दिन की पुलिस रिमांड आरोपित से पूछताछ के लिए मांगी थी, लेकिन न्यायालय ने एसआईटी के आवेदन को निरस्त कर दिया था। अब एसआईटी जिला जज की अदालत में कस्टडी रिमांड के लिए गई हुई है।

बताया गया कि जांच कमेटी के लिए इस दौरान तैनात, कर्मचारियों य अन्य लोगों की सूची भी दी गई है। साथ ही मंदिर समिति के अधिकारियों द्वारा की गई जांच रिपोर्ट भी गढ़वाल कमिश्नर को सौंपी गई है। गौरतलब है कि कमिश्नर की अध्यक्षता वाली जांच कमेटी पहले ही बदरीनाथ धाम में निरीक्षण कर चुकी है। बताया गया कि मंदिर समिति ने बदरीनाथ में मौजूद कपाट खुलने से लेकर अब तक खजाने का ब्यौरा भी कमिश्नर को सौंपा है।

Related Articles

Back to top button