देश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

पूर्व अग्निवीरों के लिए SSB में 50 फीसदी सीटें आरक्षित, बिना परीक्षा के सीधे एंट्री

नई दिल्ली, 28 जुलाई, 26. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के लिए ‘भर्ती नियम 2026’ को औपचारिक रूप से लागू कर दिया है. पूर्व अग्निवीरों के लिए SSB में 50 फीसदी सीटें आरक्षित कर दी गयी हैं। नए भर्ती नियमों के तहत सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल (GD) के पदों पर होने वाली हर भर्ती में 50 फीसदी पद अब पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे.

गृह मंत्रालय ने सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल की भर्ती के लिए नए नियम लागू किए हैं. मंत्रालय ने 27 जुलाई 2026 को एसएसबी कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) भर्ती नियम 2026 को राजपत्र में प्रकाशित किया. राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही ये नियम प्रभावी हो गए हैं. नए नियमों से पूर्व अग्निवीरों को SSB में नौकरी पाने का बड़ा मौका मिलेगा.

बाकी 50 फीसदी पदों पर प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिये होगी भर्ती
नए भर्ती नियमों के तहत सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल (GD) के पदों पर होने वाली हर भर्ती में 50 फीसदी पद अब पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे. यानी भर्ती में आधी सीटें पूर्व अग्निवीरों के लिए तय होंगी. इन पदों पर भर्ती के लिए पहले चरण में नोडल बल की ओर से प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं, बाकी 50 फीसदी पदों पर दूसरे चरण में खुली प्रतियोगी परीक्षा के जरिए भर्ती होगी. अगर पहले चरण में पूर्व अग्निवीरों के लिए तय पदों में से कोई सीट खाली रह जाती है, तो उसे भी दूसरे चरण की भर्ती में शामिल किया जाएगा.

नए नियमों के अनुसार लिखित परीक्षा, PST, PET में पूर्व अग्निवीरों को छूट
पूर्व अग्निवीरों के लिए भर्ती प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है. नए नियमों के मुताबिक, उन्हें लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट PET) से छूट दी जाएगी. हालांकि, उम्मीदवारों को भर्ती के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक एवं मेडिकल मानकों को पूरा करना होगा.

पहले बैच के पूर्व अग्निवीरों को आयु सीमा में भी 5 साल की छूट मिलेगी
उम्र सीमा की बात करें तो SSB कांस्टेबल (GD) के लिए सामान्य उम्मीदवारों की आयु 18 से 23 साल के बीच होनी चाहिए. पूर्व अग्निवीरों को इसमें विशेष छूट दी गई है. पहले बैच के पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल तक की छूट मिलेगी, जबकि अन्य पूर्व अग्निवीरों को 3 साल तक की छूट दी जाएगी.

नियमों में SSB कांस्टेबल (GD) के लिए 2026 में 54,109 पद निर्धारित किए गए हैं. हालांकि, काम के बोझ के आधार पर पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है. इन पदों का वेतन मैट्रिक्स लेवल-3 है, जिसमें 21,700 से 69,100 रुपये तक का वेतनमान है.

नए नियमों में यह भी साफ किया गया है कि विभिन्न श्रेणियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से लागू आरक्षण व्यवस्था दोनों चरणों की भर्ती में लागू रहेगी. इसके अलावा, भर्ती के लिए निर्धारित शारीरिक और मेडिकल मानकों को पूरा करना जरूरी होगा.

Related Articles

Back to top button