हिंदुओं में शिवत्व, कृष्णत्व, रामत्व और देवत्व जागने पर बनेगा हिंदू राष्ट्र: रामदेव

हरिद्वार, 4 अगस्त, 26. पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन इस बार भी जड़ी बूटी दिवस के रूप में धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ में हवन यज्ञ किया गया. योगगुरु स्वामी रामदेव समेत हजारों लोगों ने आचार्य बालकृष्ण को शुभकामनाएं दी. योगगुरु स्वामी रामदेव ने सभी चिकित्सा पद्धतियों में आयुर्वेद का सबसे बेहतर बताया.
मीडिया से बातचीत के दौरान स्वामी रामदेव ने कांवड़ियों से शांतिपूर्ण तरीके नियमों का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा पूरी करने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा पहनकर किए गए प्रोटेस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी.
हिंंदुओं में शिवत्व, रामत्व और कृष्णत्व जागने पर बनेगा हिंदू राष्ट्र
योगगुरु स्वामी रामदेव ने कांवड़ मेले में आने वाले शिवभक्तों से आग्रह किया कि जब हर हिंदू में शिवत्व, रामत्व, कृष्णत्व और देवत्व होगा, तभी भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा. जातीय, मजहबी और राजनीतिक उन्माद से देश में हिंदुत्व की प्रतिष्ठा नहीं होगी. मां गंगा भगवान शिव का ही स्वरूप है, इसलिए सभी कांवड़िए आस्था के साथ स्नान करें और गंगाजल को भगवान शिव पर अर्पित करें. भांग, धतूरा, सुल्फा गांजा और बीड़ी सिगरेट जैसा किसी भी प्रकार नशा न करें.
किसी भी धर्म का प्रतीक पहनकर अपमान बर्दाश्त नहीं
वहीं संसद में सांसद पप्पू यादव के प्रोटेस्ट पर भी स्वामी रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म और पंथ का प्रतीक पहनकर अपमान नहीं करना चाहिए. भगवा पहनकर हमारे सनातन का अपमान करना आपत्तिजनक है. यह धार्मिक, सामाजिक, लोकतांत्रिक और संवैधानिक रूप पाप व अपराध है. राजनीतिक मुद्दा उठाने के लिए किसी भी धर्म को टारगेट न करके अपनी बात रखनी चाहिए.
रामदेव ने कहा कि आपको मुद्दा उठाने का अधिकार है, लेकिन भारत का संविधान भगवा और सनातन का अपमान करने का अधिकार नहीं देता है. जितना एससी एसटी का अपमान करना अपराध है, उतना ही सनातन का अपमान करना ही अपराध है. उन्होंने कहा कि किसी संत, ब्राह्मण और पुजारी का अपमान करना असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक अपराध है.



