उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

21 अगस्त से भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

रुड़की, 16 अगस्त, 26. हरिद्वार जिले के मंगलौर में भारतीय किसान यूनियन ने एक बैठक का आयोजन किया. जिसमें किसानों से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई. इस दौरान उत्तराखंड में किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान कर दिया. भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने 21 अगस्त को प्रदेशभर में ट्रैक्टर तिरंगा रैली निकालने के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है. मंगलौर कस्बे की गुड़ मंडी में हुई भाकियू टिकैत की इस बैठक में स्मार्ट मीटर, सोलर सब्सिडी समाप्त किए जाने, खाद की समस्या और खेती की बढ़ती लागत समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा गया.

भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया निर्णय
दरअसल, 16 अगस्त रविवार के दिन मंगलौर कस्बा क्षेत्र की गुड़ मंडी में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में किसानों से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार की गई. भाकियू नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. किसानों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने, सोलर पर सब्सिडी समाप्त किए जाने और खाद की समस्या को लेकर किसानों में नाराजगी है. बढ़ती महंगाई और खेती की लागत ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

किसानों को अनावश्यक आर्थिक रूप से किया जा रहा परेशान
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने आरोप लगाया कि ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद भी किसानों पर स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि सरकार की नीतियों के चलते किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं. अब किसानों के पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है. भाकियू ने ऐलान किया है कि आने वाली 21 अगस्त को प्रदेशभर में ट्रैक्टर तिरंगा रैली निकाली जाएगी. इसके बाद किसान अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे. किसान नेताओं ने सरकार से मांगों पर तत्काल विचार करने की अपील करते हुए आंदोलन को व्यापक रूप देने की चेतावनी दी है.

Related Articles

Back to top button