उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिक

13 सितंबर को देहरादून में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी और शिक्षकों की महारैली

देहरादून, 23 अगस्त, 26. पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 13 सितंबर को दून में महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर से शिक्षक और कर्मचारी जुटेंगे। रैली की तैयारियों और आंदोलन को धार देने के लिए रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित एकता भवन में पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) की देहरादून जिला इकाई की बैठक हुई। इसमें जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने के साथ ही रायपुर विकासखंड की महिला विंग का गठन किया गया।

प्रदेशभर से शिक्षक और कर्मचारी इस रैली में जुटेंगे
जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही ने कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए छलावा है। पुरानी पेंशन बहाल होने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर की महारैली में प्रदेशभर के कर्मचारी और शिक्षक दून पहुंचकर पुरानी पेंशन की मांग उठाएंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अधिक से अधिक कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में रायपुर ब्लाक से रजनी रावत को जिला कोषाध्यक्ष और डोईवाला से विजय बडोनी व रायपुर ब्लॉक से जगबीर सिंह भंडारी को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। कालसी से विमल उनियाल को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।

एनएमओपीएस ने आंदोलन को धार देने की बनाई रणनीति
रायपुर महिला विंग में संगीता नौटियाल डिमरी को अध्यक्ष, सुनीता रावत को मंत्री, राखी बिष्ट को उपमंत्री और दिव्या शर्मा को प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर ब्लाक के अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को अधिक से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी। एनएमओपीएस के जिला मंत्री विनोद मल्ल ने कहा कि कर्मचारियों को जागरूक किए बिना पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई सफल नहीं होगी।

बैठक में एनएमओपीएस पदाधिकारियों के साथ रायपुर ब्लॉक के प्रवक्ता फरस राम कोठारी, संगीता नौटियाल डिमरी, सुनीता रावत, राखी बिष्ट, दिव्या शर्मा समेत कई शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button