उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

16 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प

देहरादून, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पर्व के रूप में मनाने के लिए उत्तराखंड भाजपा ने कमर कस ली है। रविवार को हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में 16 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से इसे देशव्यापी स्तर पर विस्तार दिया जाएगा। अभियान 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से चलेगा।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे में उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाने से बेहतर अवसर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन विकास के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसानों के सम्मान और युवाओं को अवसर देने की दिशा में केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय काम किए हैं।
धामी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए और सेवा गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष प्रदेश के युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। उन्होंने हल्द्वानी की घटना को लेकर भी कांग्रेस नेताओं पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।
अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आचरण से यह स्थापित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। इसी मूल भावना के साथ भाजपा प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के रूप में मनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पहुंचने और सकारात्मक बदलाव के प्रयासों को गति देने का आह्वान किया। चहल ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा संगठनात्मक गतिविधियों में हमेशा अग्रणी रहा है और सेवा संकल्प अभियान में भी प्रदेश संगठन बेहतर प्रदर्शन करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छा उत्सव सेवा का उत्सव है। कार्यकर्ता सेवा का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन लोगों के बीच जाकर मनाएं और अभियान को प्रभावी बनाएं।
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने एक माह तक चलने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। अभियान के तहत प्रदेशभर में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ समेत विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रधानमंत्री का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा को समर्पित रहा है। कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, मोहन बिष्ट, महंत दिलीप रावत समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और अभियान से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button